चौधरी अजीत सिंह के जन्मदिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित
लखीमपुर खीरी Feb 12, 2025 at 08:40 PM , 131लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय लोक दल के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के जन्मदिन पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस अवसर पर स्वर्गीय अजीत सिंह के जीवन और उपलब्धियों को याद किया गया। उनके द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों और कृषि मंत्री के रूप में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम का आरंभ चौधरी अजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। जिसके बाद कार्यक्रम में रालोद के पदाधिकारी शिव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह ने अपने कार्यकाल में किसानों की भलाई के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उन्होंने क्रेशर और मील को बढ़ावा देकर कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित किया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई। वक्ताओं ने उनके प्रयासों को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा किसानों के अधिकारों और उनकी उन्नति के लिए संघर्षरत रहे।
कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की गई कि अब राष्ट्रीय लोक दल प्रत्येक विधान सभा और ब्लॉक स्तर पर जनजागरण अभियान चलाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और विकास कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता की समस्याओं को जानने और उन्हें हल करने के लिए सक्रिय रूप से काम करेगी।
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर चर्चा करते हुए ज्योति अग्रवाल ने बताया कि लखीमपुर खीरी में हार्ट के डॉक्टरों की कमी है। इसे दूर करने के लिए एक विशेष मुहिम चलाई जाएगी, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इसके अलावा, जिला मुख्यालय में रात में इमरजेंसी सेवाओं की अनुपलब्धता पर चिंता जताई गई। इस मुद्दे को अधिकारियों के सामने उठाने और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए चौधरी चरण सिंह के नाम से नए विद्यालयों के निर्माण की घोषणा की गई। वक्ताओं ने बताया कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराएगी।
खीरी रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भी कार्यक्रम में चर्चा हुई। नेताओं ने बताया कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इसे लेकर जन अभियान चलाने और रेलवे अधिकारियों से मिलकर समाधान निकालने की योजना बनाई गई है।
कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की और कहा कि विकास कार्यों में जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी जनता के हितों के लिए निरंतर काम करती रहेगी और स्वर्गीय चौधरी अजीत सिंह के आदर्शों पर चलते हुए समाज की सेवा करती रहेगी। इस अवसर पर पंडित शिव प्रसाद द्विवेदी क्षेत्रीय महासचिव तराई प्रदेश महासचिव जेपी अग्रवाल हरनाम वर्मा जिला अध्यक्ष पिछड़ा प्रकोष्ठ नाजिम अली जिला महासचिव अजय श्रीवास्तव जिला सचिव संजीत मिश्रा एडवोकेट विश्वनाथ शर्मा एडवोकेट शब्बीर हुसैन नासिर खान सलमान खान राहुल मिश्रा दिलशाद अहमद अनुराग शुक्ला मनोहर लाल अमित कश्यप सहित बहुत लोग उपस्थित रहे































Comments