निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, भजनों पर झूमे भक्त
लखीमपुर खीरी Jun 26, 2026 at 06:35 PM , 28गोला गोकर्णनाथ खीरी
ग्राम कंजादेव स्थित सुप्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में बुधवार को निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नजारा दिखा। श्री श्याम दीवाने सेवा समिति द्वारा आयोजित भव्य संकीर्तन में हजारों भक्तों ने 'हारे के सहारे की जय' और 'खाटू नरेश की जय' के जयकारों से क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। भजन गायक अजय गुप्ता और शिवम गुप्ता ने 'ओ सांवरे मुझे तेरी जरूरत है', 'हारा हूं बाबा पर तुझ पर भरोसा है' और 'मेरे रघुवर तेरा सहारा है' जैसे भावपूर्ण भजनों से समां बांध दिया। फूलों से सजे दरबार और इत्र की सुगंध से वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंदिर के पुजारी संतोष पाठक ने बताया कि निर्जला एकादशी को भीमसेनी एकादशी भी कहा जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार महर्षि वेदव्यास ने भीमसेन को वर्षभर की सभी एकादशियों का फल पाने के लिए यह एक व्रत करने का उपदेश दिया था। इस दिन सूर्योदय से द्वादशी तक अन्न और जल का त्याग किया जाता है। मान्यता है कि इससे संचित पाप नष्ट होते हैं और भगवान विष्णु का आशीर्वाद मिलता है।
संकीर्तन के समापन पर भव्य आरती हुई और हजारों भक्तों में प्रसाद बांटा गया। इस मौके पर अध्यक्ष दीपक राजपूत, महामंत्री अजय गुप्ता, संरक्षक अनिल जलोटा, संजू गुप्ता, अनिरुद्ध गुप्ता, बबलू जायसवाल, शिवम गुप्ता समेत भारी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे।































Comments