मोहर्रम पर निकला जुलूस, जंजीरों के मातम से लहूलुहान हुए अकीदतमंद जगह-जगह लगीं सबीलें, आपसी भाईचारे की दिखी मिसाल

लखीमपुर खीरी , 55

मोहम्मदी खीरी। शिया समुदाय का दसवीं मोहर्रम का जुलूस रविवार को बड़ी अकीदत के साथ शुक्लापुर मस्जिद के समीप से सुबह 9 बजे उठा। जुलूस दोपहर 1 बजे गुरैला करबला में सुपुर्द-ए-खाक के साथ संपन्न हुआ।  जुलूस में अंजुमन के नौहाख्वानों ने नौहे पढ़े और मातमदारों ने जंजीरों का मातम कर इमाम हुसैन को खिराज-ए-अकीदत पेश की। कई अकीदतमंद मातम करते हुए लहूलुहान हो गए।  जुलूस शुक्लापुर तिराहा, नत्थू चौराहा, पुत्तनी चौराहा, गांधी पार्क, बाजारगंज, अस्पताल रोड और बर्बर चौराहा होते हुए करबला पहुंचा। पूरे रास्ते जगह-जगह पानी और शरबत की सबीलें लगाई गईं।  ब्लॉक प्रमुख के बेटे अतुल बाजपेई, नत्थू चौराहे पर त्रिमोहन लाल गुप्ता के बेटे सुधीर गुप्ता, अमान गिफ्ट सेंटर, अतुल रस्तोगी, गुप्ता मेडिकल स्टोर और समाजसेवी शिवम राठौड़ ने सबीलों की व्यवस्था की।  जुलूस में आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम चलुवराजु आर, सीओ अरुण कुमार सिंह, कोतवाल उमेश चंद्र चौरसिया, कस्बा इंचार्ज अखिलेश चौरसिया, अधिशासी अधिकारी, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।  जुलूस का नेतृत्व अंजुमन के अध्यक्ष मोहम्मद अब्बास नकवी ने किया।

Related Articles

Comments

Back to Top