पत्रकारों के उत्पीड़न पर पत्रकार सुरक्षा परिषद फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
लखीमपुर खीरी Jun 21, 2025 at 07:55 PM , 193लखीमपुर खीरी। जनपद लखीमपुर खीरी में पत्रकारों के साथ हो रही अभद्रता और उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं के विरोध में पत्रकार सुरक्षा परिषद फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया है। ज्ञापन में जिले के पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है और उत्पीड़न में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बीते दिनों जिले में पत्रकारों के साथ कई आपत्तिजनक घटनाएं हुई हैं। दिनांक 20 जून 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता पर एक प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र के रिपोर्टर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने का आरोप लगा है। बताया गया कि उक्त रिपोर्टर ने स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर एक समाचार प्रकाशित किया था, जिससे नाराज होकर अधिकारी ने रिपोर्टर को धमकाया। इसी तरह मोहम्मदी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान अपनी पत्नी के साथ जा रहे एक पत्रकार को पुलिसकर्मियों द्वारा गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक ने पत्रकार को धमकाया और कहा, "सिर्फ गाली ही तो दी है।" इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है। एक अन्य मामले में ग्रामीण क्षेत्र में मारपीट की घटना की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार को, कथित मारपीट का वीडियो वायरल करने पर, पुलिस ने ही आरोपित बना दिया और उस पर मुकदमा दर्ज कर दिया। पत्रकारों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन घटनाओं पर पर्दा डालने के लिए पत्रकारों को ही निशाना बना रहा है। पत्रकार सुरक्षा परिषद फाउंडेशन ने इन सभी मामलों को पत्रकारिता पर हमले के रूप में देखा है और कहा है कि इससे पत्रकारों में भय का वातावरण बन गया है। संगठन ने मांग की है कि लखीमपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित उन सभी अधिकारियों की जांच कर उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाए जो पत्रकारों का उत्पीड़न कर रहे हैं।ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक सकल्प शर्मा को भी भेजी गई है।






_page-0001.jpg)
























Comments