अवैध अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की छापामार कार्यवाही, मचा हडकम्प, छह सील

लखीमपुर खीरी , 292

सीएमओ बोले-आगे भी अवैध अस्पतालों पर जारी रहेगी कार्यवाही

लखीमपुर खीरी- अवैध अस्पतालों की मिल रही शिकायतों को देखते हुए सीएमओ के निर्देश पर अभियान चलाकर एक ही दिन में छह अस्पताल को सील किया गया है। जिसके बाद से अवैध अस्पताल संचालकों में खलबली मच गई है। सीएमओ द्वारा इस अभियान के लिए एसीएमओ व डिप्टी सीएमओ के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है जो आगे भी इस तरह की कार्यवाही करती रहेंगी। 
सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने अवैध अस्पतालों को सील किये जाने को लेकर बताया कि सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से कई अवैध अस्पतालों के संचालन की  सूचना प्राप्त हुई थी जिसके बाद एसीएमओ डॉ एसपी मिश्रा, डॉ आरएम गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, डॉ लाल जी पासी, डॉ अमितेश दत्त द्विवेदी, डा प्रमोद कुमार रावत के नेतृत्व में 5 टीमें बनाई गई, जिसमें पहली टीम ने दोपहर करीब 11ः20 बजे ग्राम सलेमपुर कोन में संचालित जीवन हास्पिटल पर छापा मारा, जहां करीब 7 मरीज भर्ती मिलें, यहां कोई भी चिकित्सक नही मिला, मौजूद 09 लोगों के स्टाफ में किसी के पास डिग्री नही थी। अस्पताल का पंजीकरण नही था, जिसके बाद इसे मौके पर सील कर दिया गया। वहीं एसीएमओ डॉ आरएम गुप्ता द्वारा दोपहर करीब 11 बजे रामापुर तिराहा, बाईपास रोड, लखीमपुर के निकट बने शिव माया हास्पिटल पर छापा मारा गया, यहां डिलीवरी हेतु भी एक महिला भर्ती हुई थी जिसका आपेरशन किया गया था। यहां पर सिर्फ बीईएमएस चिकित्सक व 2 पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित मिला। संचालक द्वारा चिकित्सालय का पंजीकरण व अन्य दस्तावेज उपलब्ध न कराने की दशा में इस अस्पताल को भी टीम द्वारा सील कर दिया गया। वही चिकित्सालय में भर्ती मरीज के तीमारदार स्वेच्छा से अपने मरीज को अन्य निजी चिकित्सालय में इलाज के लिए लेकर चले गये। सुबह करीब 10ः50 बजे डिप्टी सीएमओ डॉ अमितेश दत्त द्विवेदी के नेतृत्व वाली टीम ने नहरिया रोड लखीमपुर पर संचालित मेडिजोन हास्पिटल पर छापे मारी की इस हास्पिटल का पूर्व में नाम टाटाकेयर हास्पिटल था और इससे पहले सील किया जा चुका था। यह चिकित्सालय पेनाल्टी शुल्क जमा कराये जाने के बाद खोला गया था जो पुनः नये नाम से संचालित किया जा रहा था। यहां पर एक बीएएमएस चिकित्सक सहित दो अन्य स्टाफ मिला। चिकित्सक के पास पंजीकरण सहित अन्य कोई भी अभिलेख नही मिले। वही चिकित्सालय में आईसीयू के 6 बेड जनरल वार्ड में 7 बेड और ओटी संचालित पाई गई। इसे भी सील कर दिया गया। लगभग 11ः15 बजे डिप्टी सीएमओ डॉ प्रमोद कुमार रावत की टीम द्वारा रामापुर इण्डियन पेट्रोल पम्प के सामने, स्थित प्रज्ञा हेल्थ केयर हास्पिटल को भी पंजीकरण व अन्य दस्तावेजों की अनुपलब्धता के दृश्टिगत सील कर दिया गया। इसी तरह खीरी टाउन में संचालित प्रेम पॉलीक्लिनिक को भी फरधान सीएचसी अधीक्षक डॉ अमित बाजपेई की टीम द्वारा पंजीकरण व अन्य दस्तावेजों के अभाव में सील कर दिया गया है।  डिप्टी सीएमओ डॉ लालजी पासी की टीम द्वारा निघासन रोड महेवा गंज नवभारत पब्लिक स्कूल के पास बने अभा हेल्थ केयर को भी पंजीकरण व अन्य दस्तावेजों के अभाव में सील कर दिया गया है। अचानक हुई इस कार्यवाही से अवैध रूप से संचालित अस्पताल संचालकों में खलबली मच गई है वहीं सीएमओ ने इस अभियान को निरन्तर जारी रखने के लिए कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना पंजीकरण व अनाधिकृत रूप से संचालित किसी भी अस्पताल को लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने नही दिया जायेगा।

Related Articles

Comments

Back to Top