*चार वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर*
लखीमपुर खीरी Sep 09, 2026 at 06:25 PM , 1तहसील प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल—बच्चियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता
सिंगाही। ग्राम पंचायत सिंगहा कलां में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए आरोपी 65 वर्षीय खलील के कथित अवैध कब्जे वाली भूमि पर निर्मित मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। तहसील प्रशासन एवं भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा बनी रही। प्रशासन की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध निर्माण के विरुद्ध की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
बताते चलें कि बीते रविवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद सिंगाही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और आरोपित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर अपनी नाराजगी जताई तथा पुलिस-प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार तथा सिंगाही थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए कानून के तहत आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
इसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी खलील को मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में बाएं पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे जाने की कार्रवाई की गई।
*अवैध निर्माण को लेकर प्रशासन की कार्रवाई*
दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने उसके मकान एवं भूमि से संबंधित अभिलेखों की जांच कराई। प्रशासन के अनुसार, निर्माण अवैध भूमि पर किया गया था। इसके बाद तहसील प्रशासन द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
*घटना के बाद अभिभावकों में बढ़ी चिंता*
मासूम बच्ची के साथ हुई घटना ने गांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाली बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में भय और असुरक्षा की भावना दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और अधिक प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कई अभिभावक घटना के बाद अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं। वहीं कुछ परिवारों ने बच्चियों को स्कूल भेजने को लेकर भी चिंता व्यक्त की है।
स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों की मांग है कि विद्यालय आने-जाने वाले मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन को नियमित निगरानी और जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
*कानून के तहत कठोर कार्रवाई की मांग*
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मासूम के साथ हुई घटना की जांच शीघ्र पूरी कर आरोपी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाए। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई से आमजन का कानून-व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा।
फिलहाल प्रशासन द्वारा आरोपी के कथित अवैध निर्माण पर की गई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। वहीं, मासूम के साथ हुई घटना ने पूरे क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
थानाध्यक्ष राजबहादुर सिंह नें बताया प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। यह भी स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने के बजाय किसी भी शिकायत या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।






_page-0001.jpg)
























Comments