युवराज दत्त महाविद्यालय के मैदान में भरा नाले का पानी

लखीमपुर खीरी , 307

लखीमपुर-खीरी। शहर के युवराज दत्त महाविद्यालय (वाईडीसी) के विशालकाय मैदान में नाले का गंदा पानी लगातार भर रहा है, जिससे मैदान एक छोटे जलाशय का रूप ले चुका है। स्थानीय निवासियों के अनुसार इस जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। सुबह मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग व खेलने आने वाले बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। मैदान के एक कोने में नगर पालिका की ‘ब्यूटी नर्सरी’ भी स्थित है, जिसकी खाई को हाल ही में जेसीबी मशीन से ऊंचा किया गया, लेकिन नाले से बह रहे गंदे पानी को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय नागरिकों ने कई बार नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और अध्यक्ष से इस समस्या के समाधान की मांग की है। नगर पालिका प्रशासन ने केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया। हाल ही में नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर केवल नर्सरी की खाई ऊंची कर दी, लेकिन नाले से बह रहे गंदे पानी को रोकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
जब इस विषय में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि “महाविद्यालय अपना कार्य करवा रहा है”, यह कहकर बात को टाल दिया गया। सवाल उठता है कि जब समस्या की जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, तो आम जनता की शिकायतों का समाधान कब होगा? स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है ताकि क्षेत्र में जनस्वास्थ्य संबंधी खतरे न बढ़े।

Related Articles

Comments

Back to Top