उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को मिलेगा 50 लाख रुपये का पुरस्कार
अन्य खबरे Sep 09, 2026 at 08:58 PM , 16 स्वच्छता से जैविक कृषि तक 10 श्रेणियों में होगा चयन, 15 से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
**लखनऊ, 09 सितंबर 2026।** प्रदेश में ग्राम पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करने के लिए पंचायतीराज विभाग, उत्तर प्रदेश ने पहली बार **‘मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार’** की शुरुआत की है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की **10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि** से सम्मानित किया जाएगा।
निदेशक पंचायतीराज **अमित सिंह** ने बताया कि मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना पिछले नौ वर्षों से मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। इसके तहत प्रत्येक जनपद से पांच ग्राम पंचायतों सहित प्रदेश की कुल **375 ग्राम पंचायतों** को पुरस्कृत किया जाता है। पहली बार इस योजना के साथ प्रदेश स्तर पर विशेष क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली केवल 10 ग्राम पंचायतों का चयन कर उन्हें 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
### 10 विशेष श्रेणियों में होगा चयन
मुख्यमंत्री विशेष पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतों का चयन **10 विशेष श्रेणियों** में किया जाएगा। इनमें घर-घर कूड़ा संग्रहण, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्वयं की आय (OSR) सृजित करने, प्लास्टिक मुक्त एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराने वाली पंचायतें शामिल हैं।
इसके अलावा **पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन**, ‘मेरा तालाब मेरी योजना’ में उत्कृष्ट कार्य, **महिला नेतृत्व एवं सहभागिता**, आधार केंद्रों के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने तथा **सर्वाधिक जैविक कृषि** करने वाली ग्राम पंचायतों का भी चयन किया जाएगा।
### 15 से 30 सितंबर तक आवेदन
प्रदेश की सभी इच्छुक एवं पात्र ग्राम पंचायतें **15 सितंबर से 30 सितंबर 2026** तक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी।
विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्राम पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर **नवाचार, सुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सहभागिता, डिजिटल एवं सार्वजनिक सेवाओं तथा टिकाऊ कृषि** को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से गांवों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ, सशक्त और समृद्ध बनाने के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद है।






_page-0001.jpg)




















Comments