मातृ भारती के गठन का कार्यक्रम आयोजित

लखीमपुर खीरी , 121

लखीमपुर खीरी। 15 मई 2025, दिन गुरुवार को विद्यालय ’सनातन धर्म सरस्वती विद्या मन्दिर बालिका इंटर कॉलेज, मिश्राना, लखीमपुर खीरी में विद्या भारती के योजनानुसार मातृ भारती के गठन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें माताओं को छात्राओं के विकास में सक्रिय भागीदारी हेतु विभिन्न दायित्व दिये गये तथा बालिका शिक्षा के सन्दर्भ में उनके सुझाव लिये गये।कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वन्दना से हुआ। उपस्थित अतिथियों का परिचय एवं मातृ भारती गठन की उपयोगिता से सम्बन्धित जानकारी विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेयी ने दीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ0 रेखा पाण्डेय -एसोसिएट प्रोफेसर (दर्शन विभाग), भगवानदीन आर्यकन्या स्नात्कोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर-खीरी रहीं। उन्होंने मातृशक्ति को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है। शिक्षा का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है जिसमें सामाजिक, मानसिक, बौद्धिक, आध्यात्मिक विकास शामिल होते हैं। किन्तु वर्तमान समय में मोबाइल, सोशल मीडिया का उपयोग छात्र/छात्राओं के चरित्र के पतन का कारण बन रहा है। अतः छात्राओं के सर्वांगीण विकास में सबसे अहम भूमिका हमारी मातृशक्ति की ही है। बच्चों की देखरेख में विद्यालय के साथ-साथ माताओं का योगदान सबसे अधिक होना चाहिए। विद्यालय के विकास हेतु अतिथि महोदया ने सप्रेम 21 हजार का चेक भेंट किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने बालिका शिक्षा की अवधारणा तथा वर्तमान सांस्कृतिक संक्रमण के दौर में इसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया। विद्यालय मातृ भारती संगठन की संरक्षिका के रूप में विद्यालय प्रबन्ध समिति की सदस्य ममता अग्रवाल का चयन किया गया। अध्यक्षा के रूप में उर्मिला कुमारी, उपाध्यक्षा के पद पर  अखिलेश कुमारी, महामंत्री के पद पर शान्या तिवारी, सहमंत्री के पद पर नेहा अग्निहोत्री, संस्कृति संरक्षण एवं संवर्धन के पद पर प्रीति गुप्ता, समाज एवं परिवार प्रबोधन के पद पर प्रभा शुक्ला, आहार एवं आरोग्य विभाग के पद पर निशा मिश्रा, लोकशिक्षा विभाग नूतन श्रीवास्तव, स्वच्छता एवं पर्यावरण विभाग उमा राठौर, कोषाध्यक्ष विमला शुक्ला, संयोजिका के पद पर विद्यालय की प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई एवं सह संयोजिका अमिता गुप्ता का चयन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने सभी का आभार प्रकट किया।

Related Articles

Comments

Back to Top