गुरुवार से सुबह 10 बजे से 4 बजे तक ही खुलेगी दुकानें व्यापारिक संगठनों ने लिया संयुक्त निर्णय
लखीमपुर खीरी Apr 27, 2021 at 09:47 PM , 142फल, दूध ,सब्जी और मेडिकल की दुकानें इस प्रतिबंध से मुक्त
गोला गोकरननाथ खीरी। नगर क्षेत्र के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान आगामी गुरुवार 29 अप्रैल से नए टाइम टेबल के हिसाब से खोले जाएंगे। यह निर्णय मंगलवार को सभी व्यापारिक संगठनों ने संयुक्त बैठक करके लेते हुए कहा है कि कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए उपरोक्त निर्णय लिया जाना अत्यावश्यक था। सभी व्यापारिक संगठनों ने तय किया है कि गुरुवार से सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह 10 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक ही खोले जाएंगे। फल ,दूध ,सब्जी ,मेडिकल स्टोर जैसी आवश्यक सुविधाओं को इस प्रतिबंध से अलग रखा गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल की अति आवश्यक बैठक नत्थू लाल आनंद कुमार सर्राफ के प्रतिष्ठान पर गोला व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार महेश्वरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नगर के सभी व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वर्तमान में कोरोना महामारी से व्यापारी समाज को बचाने हेतु सर्व सम्मत से गोला नगर के व्यापार की समय सीमा को दिनांक 29 अप्रैल से और 6 मई तक प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक सरकार द्वारा जारी की गई कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए व्यापार करने की अपील की गई है। आवश्यक वस्तुओं जैसे मेडिकल, दूध, फल, सब्जी को इस समय सीमा से मुक्त रखा गया है।उपरोक्त समय सीमा का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों को प्रथम बार में ₹ एक हजार व दूसरी बार में ₹ दो हजार जुर्माना वसूल किया जाएगा जो कि सरकार के कोविड-19 फंड में जमा किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा घोषित शनिवार और रविवार को पूर्णतया लाक डाउन रहेगा। बैठक में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नानक चंद वर्मा, कैलाश चंद गुप्ता, बालकिशन गुप्ता ,गोपाल शुक्ला, पंकज हालन ,जितेंद्र गट्टानी,अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के विनोद स्वर्णकार, प्रवीण गुप्ता, गोला व्यापार एसोसिएशन के राजेश आनंद, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के सन्नी गुप्ता ,साहित्य गुप्ता ,उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के राम मोहन सोनी ,विनोद मिश्रा ,विनोद गुप्ता ,शिव कुमार सोनी ,आनंद सोनी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष पंडित श्याम बिहारी मिश्रा वह नगर के व्यापारी व आम जनों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।






_page-0001.jpg)
























Comments