रंजिशन केले की खड़ी फसल काटने का आरोप। किसान को लगभग डेढ़ लाख का नुकसान का अनुमान।

लखीमपुर खीरी , 2

पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सौपी तहरीर।
किसान ने तहरीर में दो लोगों को नामजद किया।

धौरहरा खीरी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरगदहा करौहा में केले की खड़ी फसल काटकर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है।किसान ने दो लोगों पर करीब डेढ़ लाख रुपये की फसल नष्ट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। किसान ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के पीड़ित किसान के मुताबिक उसके करीब एक एकड़ खेत में केले की हरी-भरी फसल तैयार खड़ी थी।आरोप है कि 27 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे गांव निवासी विजय और विनीत पुत्र राधेश्याम यादव खेत पर पहुंचे और केले के पौधे काटने लगे। किसान का आरोप है कि दोनों ने काफी संख्या में पौधे काट दिए। इसके साथ ही पौधों को सहारा देने के लिए लगाई गई रस्सियां भी काट दी गईं।
किसान के अनुसार फसल तैयार होने के कारण उसे अच्छी आमदनी की उम्मीद थी,लेकिन फसल काटे जाने से उसे करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।घटना की जानकारी मिलने पर जब किसान के पिता छोटकन्न खेत पहुंचे तो आरोप है कि उन्हें भी धमकी दी गई।
पीड़ित अंकित पुत्र छोटकन ने कोतवाली पुलिस से खेत का मौका-मुआयना कराकर नुकसान का आकलन कराने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। किसान का कहना है कि खेती में लगाई गई लागत और महीनों की मेहनत के बाद तैयार फसल नष्ट होने से उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
इस मामले में हल्का इंचार्ज अरुण तिवारी ने बताया कि किसान की तहरीर प्राप्त हुई है।मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही फसल काटे जाने और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top