संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहा विपक्ष : पंकज चौधरी

अन्य खबरे , 14

**लखनऊ।** भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्ष पर निशाना साधते हुए संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने पिछले दो दिनों से निर्वाचन प्रक्रिया और संवैधानिक संस्था को लेकर चल रहे विवाद पर विपक्ष के रुख पर सवाल खड़े किए।
 
पंकज चौधरी ने सोनिया गांधी के पुराने मतदाता सूची प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके अनुसार वर्ष 1983 में भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले ही उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने को लेकर सवाल उठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 में बदलाव किए गए और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराया गया।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला अब न्यायिक प्रक्रिया में भी सामने आ चुका है। हाल ही में दिल्ली की एक अदालत ने सोनिया गांधी से जुड़े मतदाता सूची प्रकरण में पहले के मजिस्ट्रेट आदेश को रद्द करते हुए मामले पर नए सिरे से सुनवाई का रास्ता साफ किया है। हालांकि, आरोपों की अंतिम सत्यता का निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।
 
पंकज चौधरी ने विपक्ष पर निर्वाचन आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर इस प्रकरण में सवाल उठ रहे हैं, उन्हें देशवासियों के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।

Related Articles

Comments

Back to Top