डिस्टेंसिंग का पालन करने में मतदाता रहे लापरवाह--- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव छुट पुट घटनाओं को छोड़ शांति पूर्ण संपन्न

लखीमपुर खीरी , 140

लखीमपुर खीरी। जिले के ब्लाक मितौली, ईसानगर जैसे कई पोलिंग स्टेशन पर मतदान देरी से शुरू हुआ। ईसानगर थाना क्षेत्र के महरिया के बूथ नंबर 134 पर बैलट पेपर न होने पर ढाई घंटे की देरी से मतदान शुरू हुआ। जबकि मितौली के बूथ नंबर 169 पर एक मतदानकर्मी के अनुपस्थित रहने पर करीब आठ बजे मतदान शुरू हो सका, जिससे शुरुआत में आए कई वोटर लौट गए। शुरुआत में मतदान की गति धीमी रही, जिससे सुबह नौ बजे तक 9.5 फीसदी वोट डाले जा सके। इसके बाद मतदान में तेजी आई, जिससे अपराह्न तीन बजे तक 52.5 फीसदी मतदान पहुंच गया। दोपहर बाद वोटरों के घर से निकलने पर मतदान प्रतिशत बढ़ता रहा और शाम पांच बजे तक 63.4 फीसदी मतदान पहुंच गया। शाम सात बजे तक कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी रहीं, जिससे अधिकारियों ने 75 फीसदी से अधिक मतदान होने की संभावना जताई। गोला में  सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही लोगों में अपना प्रधान चुनने का उत्साह दिखने लगा, लोग मतदाता पर्ची, वोटर आईडी लेकर कतार में लग गए। घंटों इंतजार करने के बाद मतदाताओं ने अपने चहेते प्रत्याशी के नाम के आगे बैलेट पेपर पर मोहर की छाप दी। हैदराबाद थाना क्षेत्र की 55 ग्राम पंचायतों के 82 बूथों पर पुलिस की कड़ी चैकसी के बीच सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान का क्रम देर शाम तक चलता रहा। हैदराबाद, ममरी, झाऊपुर के बूथ पर प्रधान पद के प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच नोकझोंक भी हुई लेकिन पुलिस ने मामला शांत करा दिया। तहसील क्षेत्र मितौली में सबसे ज्यादा गहमागहमी रही। मितौली कस्बे के बूथ नंबर 169 परा कर्मचारियों के समय पर न पहुंचने से एक घंटा देर से मतदान शुरू हुआ, इसी तरह मितौली ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में क्रम संख्या में अचानक हुए फेरबदल से वोटरों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। फतेहपुर में बूथ संख्या 134 पर कुर्सी मेज के अभाव में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई। जिस कारण मतदान देरी से शुरू हुआ। ब्लॉक के खंजन नगर, खमरिया, मड़रिया,चुराई पुरवा आदि जगह पर मतदान के दौरान हल्की व कहीं तीखी नोकझोंक के चलते पुलिस बल को जाना पड़ा तब जाकर मतदान सामान्य रूप से शुरू कराया जा सका। शाम 5 बजे के बाद भी कुछ मतदेय स्थलों पर वोटरों की कतारें लगी थी। धौरहरा। सुबह 7रू00 बजे से शुरू हुआ मतदान देर शाम तक चलता रहा। मतदान के प्रति युवा मतदाताओं व बुजुर्गों में खासा उत्साह दिखा। छिटपुट झड़पों के बीच मतदान हुआ। कहीं कहीं बूथों पर फर्जी मतदान की शिकायत दर्ज कराई गई। गुदरिया में बूथ संख्या 171पर सावित्री देवी (70) ठेलिया पर बैठकर मतदान करने पहुंची। कड़ी धूप में भी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार लगी रहीं। रमियाबेहड़ विकास खंड के भटपुरवा कलां में बूथ पर जबर्दस्ती वोट करने की शिकायत की गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने इससे इनकार किया। सीओ धौरहरा टीएन दुबे, तहसीलदार धौरहरा अनिल कुमार यादव ने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान का जायजा लिया। मोहम्मदी। मोहम्मदी इलाके के गांव गुलौली के मतदान केंद्र पर बिना मास्क लगाए कर्मचारी मतदान करवा रहे थे। मियांपुर के मतदान केंद्र 11 और 12 पर धीमी गति से मतदान होने की शिकायत की गई। महिलाओं में मतदान करने को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। एसडीएम स्वाति शुक्ला ने कल्लूआ सहिजना, उमरपुर पतबन, गोकन रेहरिया शाहपुर राजा, शंकर पुर बगरेठी, बेहटी अफगान आदि बूथों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।निघासन में  सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के पहले ही इलाके के तमाम पोलिंग बूथों पर वोटरों की लाइन लग गईं थीं। पोलिंग में लगाए गए अधिकतर मतदान कर्मी कोविड की वजह से सशंकित दिखे। वे बार-बार सैनिटाइजर का उपयोग कर रहे थे। साथ ही वोटरों को दूर खड़े होकर बैलट रिसीव करने की हिदायत दे रहे थे। इलाके के दौलतापुर के वार्ड नंबर 15 के बूथ पर ग्राम पंचायत सदस्य के मतपत्र ही नहीं पहुंचे, जिसकी वजह से वहां करीब दो घंटे देर से वोटिंग शुरू हो पाई। बूथ पर मौजूद उम्मीदवारों और एजेंटों की सूचना पर वहां मतपत्र भेजे गए। इसी प्रकार सिंगाही इलाके की सिंगाही देहात ग्राम पंचायत का मतदान काफी देर से साढ़े आठ बजे के बाद शुरू हुआ। मतदाताओं की नाराजगी के बाद प्रत्याशियों ने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया इसके बेहद धीमी गति से मतदान हुआ। दो दिन पहले शनिवार को इलाके के गुनाखर टांडा गांव के 36 घर आग से जलकर राख हो गए थे, जहां के निवासियों के आधार और वोटर आईडी कार्ड जल जाने से वे वोट नहीं दे पाए। एकाध बूथ पर कुछ अग्निपीड़ितों को पहचान करवाकर वोट डालने दिया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top