*तेज रफ्तार स्कूल बस ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो गंभीर घायल*

लखीमपुर खीरी , 1

*हादसे के बाद बस चालक फरार, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल; परिवहन विभाग की कार्रवाई पर भी सवालिया निशान।*

पलियाकलां/संपूर्णानगर। पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर 29 सितंबर को तेज रफ्तार द इंडियन एकेडमी पलिया कलां की स्कूल बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सड़क से उठाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार नरोसा निवासी जियाउद्दीन पुत्र फैजल मोहम्मद और ग्राम शास्त्रीनगर निवासी राम अक्षावर पुत्र वासुदेव बाइक से पलिया से संपूर्णानगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही द इंडियन एकेडमी पलिया की स्कूल बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का उपचार कराने के बाद मामले को लेकर परसपुर चौकी में तहरीर दी गई है। तहरीर में बस चालक और बस मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं चौकी प्रभारी परसपुर से मामले में जानकारी लेने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
*स्कूली बसों की रफ्तार और सुरक्षा पर सवाल*
घायल राम अक्षावर का कहना है कि यदि हादसे के मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई हो तो लापरवाही पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
वहीं घायल जियाउद्दीन ने स्कूली बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब बच्चों को लेकर चलने वाली बसें ही तेज रफ्तार और लापरवाही से सड़क पर चलेंगी तो उसमें सवार दर्जनों बच्चों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने परिवहन विभाग से स्कूली वाहनों की जांच और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर चिंता है कि यदि स्कूली वाहनों की गति और संचालन पर प्रभावी निगरानी नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से स्कूल बसों की नियमित जांच, चालकों की निगरानी तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर ठोस कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top