मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना : अब एक लाख की सहायता, पारदर्शिता व समयबद्ध आयोजन पर जोर
लखीमपुर खीरी Jun 24, 2025 at 12:17 PM , 390लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को प्रभावी और पारदर्शी ढंग से क्रियान्वित करने को लेकर सोमवार को विकास भवन स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना न केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम है, बल्कि यह सम्मानजनक व व्यवस्थित विवाह की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। सीडीओ ने इस योजना में पारदर्शिता, समयबद्धता और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। योजना के अंतर्गत जनपद लखीमपुर खीरी को 896 जोड़ों के सामूहिक विवाह का वार्षिक लक्ष्य प्राप्त हुआ है। यह लक्ष्य ब्लॉकवार व नगर निकाय स्तर पर वितरित किया गया है ताकि कार्य समय से प्रारंभ हो सके।
विवाह सहायता बढ़ी, अब मिलेगी 1 लाख रुपये की राशि
सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अनुदान राशि को ₹51,000 से बढ़ाकर ₹1,00,000 कर दिया गया है। इस बढ़ी हुई राशि में से ₹60,000 वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त ₹25,000 की धनराशि उपहार सामग्री के लिए तथा ₹15,000 आयोजन खर्च के रूप में निर्धारित की गई है। योजना का लाभ ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की आधारशिला पर उपलब्ध कराया जाएगा।
सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी हो। सभी प्राप्त आवेदनों की रैंडम जांच अन्य विभागों से कराई जाएगी, जिससे पात्रता की पुष्टि निष्पक्ष ढंग से हो सके। बैठक के उपरांत टेंडर समिति की बैठक भी आयोजित हुई। इसमें यह तय किया गया कि सभी नियम व शर्तें स्पष्ट कर एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही पहले लग्न में ही सामूहिक विवाह आयोजन का लक्ष्य सुनिश्चित किया गया।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, डीएसओ, डीपीओ, डायट प्राचार्य, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और समस्त एसडीएम, समस्त बीडीओ व समस्त ईओ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल शामिल हुए।






_page-0001.jpg)
























Comments