चौरठिया के खलील पुरवा में तीन घरों में सेंधमारी, लाखों का सामान चोरी

लखीमपुर खीरी , 240

लखीमपुर खीरी। जनपद के कोतवाली गोला क्षेत्र के ग्राम चौरठिया के मजरा खलील पुरवा में बीती रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। चोरों ने राजेन्द्र वर्मा, शफीक अहमद और अशगर अली के घरों में सेंध लगाई, जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे।गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। पिछले वर्ष भी गांव के भगवती माता मंदिर से बैटरा चोरी हुआ था, जिसके बदले दूसरा बैटरा देकर मामले को दबा दिया गया। वहीं, बीते माह रामू गौड़ के घर चोरी की घटना हुई थी जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और स्थानीय दलालों की मिलीभगत के कारण गांव में अपराध बढ़ रहे हैं। बीते दिनों शफीक अहमद द्वारा रात डेढ़ बजे पुलिस को सूचना दी गई थी कि उन्होंने एक चोर को पकड़ लिया है, लेकिन बीट के सिपाहियों ने सुबह आने की बात कहकर मामले को टाल दिया। बाद में दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करवा दिया गया।चौरठिया के ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस बीट में तैनात सिपाही वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं और दलालों के इशारे पर काम कर रहे हैं। इसी कारण चोरी, अवैध शराब, गांजा व अन्य नशीले पदार्थों का धंधा गांव व आसपास के इलाकों में फल-फूल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि चौरठिया बार्डर क्षेत्र होने के चलते यहां अवैध कच्ची शराब फरधान थाना क्षेत्र से लाकर बेची जाती है। कई बार पुलिस ने कच्ची शराब पकड़ी भी, लेकिन कथित रूप से अनुचित लाभ लेकर छोड़ दिया। इसके अलावा रामनगर गांव में भी गांजा व चिप्पड़ का धंधा बड़े पैमाने पर हो रहा है, जहां से नशे का सामान चौरठिया पहुंच रहा है। स्थिति यह है कि गांव के लगभग 80 प्रतिशत लोग नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, धार्मिक स्थलों को भी जुआ खेलने और नशा करने के अड्डे बना लिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि गांव को अपराध व नशे के जाल से बचाया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top