आकांक्षा स्टोर बना नवाचार और महिला सशक्तिकरण का केंद्र।

लखीमपुर खीरी , 119

स्वरोजगार को संबल : डीएम ने स्टोर विजिट में महिलाओं के उत्पादों को सराहा, किया UPI पेमेंट
हर महीने नए उत्पाद, हर बार नई उम्मीद

लखीमपुर खीरी। राजापुर स्थित "आकांक्षा स्टोर" अब केवल एक विक्रय केंद्र नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, नवाचार और स्थानीय प्रतिभा का जीवंत उदाहरण बन चुका है। हर महीने यहां आने वाला नया स्टॉक और नवीन उत्पाद न केवल ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
शुक्रवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल आकांक्षा स्टोर पहुंचीं और समिति के अन्य सदस्यों के साथ जिलेभर की स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद, फूड और गिफ्ट आइटम्स और कपड़ों का अवलोकन किया। उन्होंने कुछ उत्पादों की खरीददारी कर महिलाओं का उत्साह भी बढ़ाया। इस दौरान डीएम ने क्यूआर कोड के जरिए ऑनलाइन पेमेंट भी किया। डीएम ने स्टोर खुलने से अब तक की बिक्री की प्रगति की जानकारी ली। स्टोर के लगातार बढ़ते फुटफॉल और बिक्री के आंकड़ों ने महिला समूहों की मेहनत और गुणवत्ता पर मुहर लगाई है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि यह स्टोर केवल बिक्री का स्थान नहीं, बल्कि महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता का जीवंत प्रतीक है। हर महीने यहां नया स्टॉक लाकर गुणवत्ता और वैरायटी को बरकरार रखा जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय उपभोक्ताओं को बेहतर विकल्प मिलते हैं, बल्कि समूहों की आय में भी इज़ाफा हो रहा है। आज आकांक्षा स्टोर नारी शक्ति के उस रूप को साकार कर रहा है, जहां हर कारीगरी एक आत्मनिर्भर भविष्य की दस्तक है। इस दौरान समिति की सदस्य एसडीएम श्रद्धा सिंह, अमिता यादव, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या शालिनी दुबे एवं आकांक्षा समिति की अन्य सम्मानित सदस्य मौजूद रहीं

Related Articles

Comments

Back to Top