*डीएम ने लिया खबर का संज्ञान, कराई जांच*

लखीमपुर खीरी , 146

के. के. शुक्ला

*ग्रामवासियों की इच्छानुरूप अब नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन से ही होगा वितरण*

लखीमपुर खीरी । "राशन वितरण न होने पर ग्रामीणों का हंगामा" शीर्षक समाचार का डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने संज्ञान लिया। डीएम के निर्देश पर अंकित तथ्यों के सम्बन्ध में पूर्ति निरीक्षक, तहसील गोला ने ग्राम अल्लीपुर में स्थलीय जाँच परीक्षण किया। 

जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक से प्राप्त जाँच आख्या के अनुसार जाँच के समय मौके पर मौजूद सर्वश्री आशीष कुमार, नसररूद्वीन, पप्पू, बृजबिहारी, नरेन्द्र कुमार, सुदामा, गिरिजा शंकर, दीनदयाल शरीफ, पंकज आदि कार्डधारको, परिजनों ने यह बयान दर्ज कराया कि उन्हे गल्ला तो सही मिलता है, लेकिन वह गल्ला सरकारी दुकान/अन्नपूर्णा भवन से ही प्राप्त करना चाहते है। उल्लेखनीय है कि अन्नपूर्णा भवन की चौहद्दी का सत्यापन हो चुका है। पूर्ति निरीक्षक ने उचित दर विक्रेता को यह निर्देशित किया कि वह ग्रामवासियों की इच्छा के अनुरूप गांव में नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन से ही वितरण कार्य करना सुनिश्चित करे। उचित दर विक्रेता ने सहमति व्यक्त की कि वह अन्नपूर्णा भवन से ही अपना वितरण कार्य करेगा। 

बताते चलें कि "राशन वितरण न होने पर ग्रामीणों का हंगामा" शीर्षक समाचार में श्री बलजीत, पंकज आदि निवासीगण ग्राम पंचायत अल्लीपुर, ब्लॉक कुम्भी के द्वारा यह शिकायत की गई है कि उनके गांव की उचित दर विक्रेता श्रीमती पिंकी देवी द्वारा नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन से आवश्यक वस्तुओं का वितरण न करके अपने घर में ही स्थित उचित दर दुकान की चौहद्दी से ही वितरण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह मांग की है कि कोटेदार अपने सभी कार्य अन्नपूर्णा भवन से ही करे।

Related Articles

Comments

Back to Top