*किसान हित सर्वोपरि, समस्याओं के समाधान में न हो विलंब : डीएम*

लखीमपुर खीरी , 0

*किसान दिवस में बाढ़ की स्थिति से लेकर फार्मर आइडी तक पर हुई चर्चा, दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजन पर जोर*

लखीमपुर-खीरी, 16 सितंबर। किसान हित में संचालित योजनाओं का लाभ पात्र कृषकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए बुधवार को विकास भवन स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में किसान दिवस आयोजित किया गया। डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कृषि, पशुपालन, बैंकिंग सहित संबंधित विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ कृषकों की समस्याएं सीधे सुनी गईं।

*बाढ़ की स्थिति भी जानी, दूरस्थ क्षेत्रों में किसान दिवस पर जोर*
डीएम ने उपस्थित कृषकों से उनकी समस्याओं के साथ-साथ बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानहित में संचालित योजनाओं का पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाए।

विकासखंड धौरहरा से किसी कृषक के बैठक में उपस्थित न होने को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विकासखंड एवं तहसील कार्यालयों में भी किसान दिवस आयोजित किए जाने की व्यवस्था की जाए, जिससे किसानों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और उनका समाधान प्राप्त करने का अवसर मिल सके।

*फार्मर आइडी को लेकर विशेष जोर*
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिन कृषकों तथा उनके परिवार के कृषि योग्य भूमि धारक सदस्यों की अभी तक फार्मर आइडी नहीं बनी है, वे एक सप्ताह के भीतर फार्मर आइडी बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषकों से प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की, ताकि उन्हें शासन की कृषि संबंधी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सुगमता रहे।

*पशुपालन और कृषि उद्यम के अवसरों की जानकारी*
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने नंदिनी, मिनी नंदिनी एवं पशु बीमा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। अग्रणी जिला प्रबंधक, इंडियन बैंक ने पीएमएफएमई योजना के माध्यम से कृषि आधारित व्यवसाय स्थापित करने के इच्छुक कृषकों के लिए उपलब्ध ऋण एवं ब्याज संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।

किसान दिवस में कृषकों ने विलंब से बोई जाने वाली गेहूं की फसल के लिए बीज की समय से उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग रखी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में विभिन्न प्रकार के बीजों की उपलब्धता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है।

बैठक की शुरुआत उप कृषि निदेशक गिरीश चंद्र द्वारा डीएम, नवागत सीडीओ योगानंद पांडेय, अधिकारियों, प्रगतिशील कृषकों, पशुपालकों एवं मत्स्य पालकों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर कटान के लिए प्रतिबंधित वृक्षों से संबंधित पंपलेट कृषकों को वितरित कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।

बैठक में जिला कृषि अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक इंडियन बैंक, भूमि संरक्षण अधिकारी (गोमती), मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कृषकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Comments

Back to Top