मोदी के साथ न वंश परंपरा थी, न विरासत, तप-साधना और संघर्ष से बनाई पहचान: योगी

अन्य खबरे , 21

**लखनऊ, 12 सितंबर।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ न कोई वंश परंपरा थी और न ही उन्हें कोई राजनीतिक विरासत विरासत में मिली। उन्होंने **तप, साधना, संघर्ष और देश के लिए कुछ कर गुजरने की भावना** के बल पर अपनी पहचान बनाई। आज उनकी 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा का लाभ पूरे देश को एक योग्य नेतृत्व के रूप में मिल रहा है।
 
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में शासन प्रमुख रहने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन मिलकर **17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’** चलाएंगे।
 
### प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
 
योगी ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन को प्रदेशभर में **‘सेवा दिवस’** के रूप में मनाया जाएगा। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में **‘आशीर्वाद का दीया’** जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
 
इस दौरान अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर समेत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी अभियान में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
 
### बड़नगर-काशी के बीच निकलेंगी 20 यात्राएं
 
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़नगर से काशी तक की यात्रा को भी अभियान से जोड़ा गया है। **बड़नगर से काशी के लिए 10 और काशी से बड़नगर के लिए 10 यात्राएं** निकाली जाएंगी।
 
बड़नगर का जल लेकर यात्राएं काशी पहुंचेंगी, जबकि उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का पवित्र जल लेकर यात्राएं बड़नगर जाएंगी। 17 सितंबर से शुरू होने वाली ये यात्राएं सात अक्टूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। यात्रा मार्ग में प्रतिदिन चार स्थानों पर चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे।
 
### ‘सेवा सेतु’ से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ेंगे
 
योगी ने कहा कि सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए **‘सेवा सेतु’ शिविर** आयोजित किए जाएंगे। 29 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंडों और जिला मुख्यालयों के नगर निकायों में शिविर लगाए जाएंगे।
 
प्रदेश के **826 विकासखंडों और 762 नगर निकायों** में आयोजित होने वाले इन शिविरों में स्वास्थ्य, पेंशन, आवास, शौचालय, राशन कार्ड समेत विभिन्न योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयास होगा कि पात्र व्यक्ति केवल आवेदन करके वापस न लौटे, बल्कि सत्यापन के बाद उसे जल्द से जल्द संबंधित योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
 
### विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं
 
‘सेवा संकल्प अभियान’ में स्कूल से विश्वविद्यालय तक के विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए तीन स्तरों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए **चित्रकला**, कक्षा नौ से 12 तक के लिए **निबंध लेखन** और विश्वविद्यालय-महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए **भाषण प्रतियोगिता** होगी।
 
इनकी थीम होगी—**‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर और विकसित उत्तर प्रदेश।’** गांव, विकासखंड और जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। सात अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
 
### मलिन बस्तियों से देवालयों तक चलेगा ‘सेवा मेरा योगदान’
 
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक **‘सेवा मेरा योगदान’** कार्यक्रम के तहत मलिन बस्तियों, घाटों, देवालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं सेवा कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
 
इसके साथ **‘एक पेड़ मां के नाम’, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गोसेवा और करियर काउंसलिंग** जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
 
### स्टार्टअप और तकनीकी युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज
 
आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और स्टार्टअप को जोड़ते हुए **‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’** आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है।
 
अटल टिंकरिंग लैब, इनक्यूबेटर सेंटर तथा ड्रोन, रोबोटिक्स और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े विद्यार्थियों और युवाओं को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा।
 
### राजीव गांधी के बयान का हवाला देकर कांग्रेस पर हमला
 
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस चर्चित बयान का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में केवल 15 रुपये ही गरीब तक पहुंचते हैं। योगी ने कहा कि यह उस समय की व्यवस्था की लाचारी को दर्शाता था।
 
उन्होंने कहा कि जनधन खातों और डीबीटी के माध्यम से अब केंद्र से भेजी गई सहायता का पूरा पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंचता है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में बुनियादी ढांचे, रेलवे, हाईवे, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और जलमार्ग के विस्तार का भी उल्लेख किया।
 
### ‘2014 के बाद गुलामी की मानसिकता से बाहर निकला भारत’
 
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने **विरासत और विकास** को साथ लेकर आगे बढ़ने का काम किया है। उन्होंने सोमनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और महाकुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि देश अपनी विरासत और सांस्कृतिक पहचान को लेकर नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की सेवा यात्रा में **पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज** की भावना भी दिखाई देती है। इसलिए 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय जयंती और दो अक्टूबर को गांधी जयंती को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि अभियान **गांव और बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, विकासखंड, जिला और प्रदेश स्तर** तक 17 अक्टूबर तक चलेगा।
 
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष **पंकज चौधरी**, उच्च शिक्षा मंत्री **योगेंद्र उपाध्याय** समेत पार्टी पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top