नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

लखीमपुर खीरी , 21

लखीमपुर-खीरी। नगरवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद, लखीमपुर-खीरी कार्यालय में प्रत्येक बुधवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में आज नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान नगरवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 37 शिकायतें प्रस्तुत की गईं। इनमें लाइट विभाग की 05, साफ-सफाई विभाग की 03, जलकल विभाग की 12, निर्माण विभाग की 13, गृहकर एवं जलकर विभाग की 03 तथा अतिक्रमण विभाग की 01 शिकायत प्राप्त हुई।
लाइट विभाग से संबंधित शिकायतों में स्ट्रीट लाइट मरम्मत एवं नए बल्ब लगाए जाने की मांग प्रमुख रही। साफ-सफाई विभाग में विशेष सफाई व्यवस्था, पार्कों की सफाई एवं नियमित स्वच्छता व्यवस्था से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जलकल विभाग में पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज, जलभराव, हैंडपंप मरम्मत एवं पाइपलाइन विस्तार से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। वहीं निर्माण विभाग में सड़क एवं नाली निर्माण, नाली मरम्मत, सड़क ऊँची कराने तथा समतलीकरण से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। गृहकर एवं जलकर विभाग में कर संबंधी समस्याएं एवं नामांतरण प्रकरण सामने आए, जबकि अतिक्रमण विभाग में अतिक्रमण हटवाने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई।
निर्माण विभाग से संबंधित शिकायतों के संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अधिकांश प्रकरणों में स्थल निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण, आगणन तैयार करने, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति तथा निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही कार्य कराया जाना संभव होता है। इसलिए निर्माण संबंधी शिकायतों के निस्तारण हेतु लगभग छह माह का समय निर्धारित किया गया है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस अवधि में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्य समयबद्ध ढंग से संपन्न कराए जाएं।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि अपनी समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक बुधवार आयोजित जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं, जिससे उनका शीघ्र एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top