अपर निदेशक के निरीक्षण के तुरंत बाद बैरिया गौशाला में मवेशियों की मौत वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

लखीमपुर खीरी , 29

लखीमपुर खीरी। जनपद के निघासन क्षेत्र स्थित बैरिया गौशाला में भारी लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गौशाला में कई गोवंशीय मवेशियों की मौत की खबर से प्रशासनिक और विभागीय गलियारों में हड़कंप मच गया है। इस घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सरकारी दावों और व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।
जानकारी के अनुसार निघासन के बैरिया गांव में स्थित अस्थाई गौशाला की बदहाली को देखकर एक स्थानीय ग्रामीण ने वहां का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इस वायरल वीडियो में कई गोवंशीय मवेशी मृत अवस्था में पड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने गौशाला प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।इस पूरे मामले की गंभीरता इसलिए भी अधिक बढ़ गई है क्योंकि शनिवार को ही पशुपालन विभाग के अपर निदेशक अजय कुमार कनौजिया ने लखीमपुर खीरी जिले की विभिन्न गौशालाओं का मैराथन निरीक्षण किया था। उच्चाधिकारी के निरीक्षण करके लौटते ही ठीक अगले दिन इस तरह गोवंशीय मवेशियों के मरने की खबर सामने आने से विभागीय जांच और निरीक्षण की औपचारिकता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

चारा-पानी और इलाज न मिलने का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि बैरिया गौशाला में बंद गोवंशों के लिए चारा, पानी और बीमार पशुओं के लिए समय पर इलाज की कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं है। देखरेख के अभाव में मवेशी दम तोड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने अब वायरल वीडियो और गोवंशीय मवेशियों की मौत के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई है।लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन?अब क्षेत्र में सबसे बड़ा सवाल यही गूंज रहा है कि जब शासन और विभाग के उच्चाधिकारी लगातार जमीनी हकीकत परखने के लिए गौशालाओं का दौरा कर रहे हैं, तो फिर बैरिया गौशाला में इतनी बड़ी लापरवाही किसकी शह पर हो रही थी? क्या अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान यह कमियां नजर नहीं आईं, या फिर उनके जाते ही व्यवस्था को रामभरोसे छोड़ दिया गया? फिलहाल इस मामले में जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Comments

Back to Top