सलेमपुर कोन वृद्धाश्रम में ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों ने लिया नियमित योग का संकल्प

लखीमपुर खीरी , 1

लखीमपुर खीरी।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 11 दिवसीय काउंटडाउन के तहत सलेमपुर कोन स्थित वृद्धाश्रम में ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। योग रंजन फाउंडेशन ने आयुष विभाग के सहयोग और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ० सुमन्त कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली के लिए योग से जोड़ना था। वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया और योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता योगाचार्य प्रिंस रंजन बरनवाल ने कहा कि वृद्धावस्था में जोड़ों का दर्द, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अनिद्रा और तनाव जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। योग, प्राणायाम और ध्यान इनके प्रबंधन में अहम भूमिका निभाते हैं। नियमित योगाभ्यास से लचक, संतुलन, मानसिक शांति और आत्मविश्वास बढ़ता है।

योगाचार्या प्रगति बरनवाल और योगाचार्या राजदीपिका तिवारी ने कुर्सी योग, जोड़-संचालन क्रियाएं, गर्दन-कंधों के व्यायाम, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। बताया गया कि बढ़ती उम्र में सरल और सुरक्षित योगाभ्यास ज्यादा लाभकारी हैं।

वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि योग से उन्हें मानसिक शांति और शारीरिक हल्कापन महसूस होता है। सभी ने नियमित योग करने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर वृद्धाश्रम प्रबंधक आशीष कुमार, अशोक कुमार वर्मा, सर्वेश सिंह, महेंद्र सिंह सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top