यूपी में 17 लाख से अधिक युवाओं को मिला कौशल प्रशिक्षण, 7 लाख को कैंपस प्लेसमेंट से रोजगार: योगी आदित्यनाथ
जनपत की खबर Nov 21, 2026 at 06:50 PM , 4**पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, बोले- 2047 के विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे युवा**
**लखनऊ।** राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जबकि सात लाख युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन में स्किल इंडिया महाअभियान का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य दुनिया की सबसे बड़ी युवा कार्यशक्ति भारत के युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना और उनके मन से हताशा एवं निराशा को दूर करना था। भारतीय मनीषा के उद्घोष 'अयोग्यः पुरुषो नास्ति, योजकस्तत्र दुर्लभः' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, आवश्यकता सिर्फ उसकी प्रतिभा को पहचानने और सही दिशा देने वाले योग्य नेतृत्व की होती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस अभियान को उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद तेजी से आगे बढ़ाया गया। प्रदेश सरकार ने कौशल विकास मिशन के माध्यम से युवाओं की क्षमता को निखारने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
**ग्रामीण युवाओं को भी मिल रहा रोजगार**
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत 2 लाख 65 हजार से अधिक ग्रामीण युवक-युवतियों को निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 1 लाख 23 हजार से अधिक युवाओं को सीधे रोजगार उपलब्ध कराने में सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से 1,700 से अधिक विद्यालयों के 2 लाख 50 हजार से अधिक विद्यार्थी कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठा रहे हैं।
**आईटीआई में ड्रोन, एआई और रोबोटिक्स की ट्रेनिंग**
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती तकनीक और रोजगार की नई संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 150 से अधिक आईटीआई में आधुनिक तकनीकी ट्रेड विकसित किए हैं। इनमें ड्रोन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स और थ्रीडी प्रिंटिंग जैसे विषय शामिल हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 12 हजार से अधिक युवा रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 50 हजार से अधिक कुशल युवाओं को रोजगार मिला है। इनमें 3,400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं।
**2047 के विकसित भारत की रीढ़ बनेंगे युवा**
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कौशलयुक्त मानव संसाधन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने का सबसे मजबूत आधार बनेगा। वर्ष 2047 तक भारत की खुशहाली और आत्मनिर्भरता में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में हर युवा के हाथ में रोजगार, प्रत्येक श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय, अन्नदाता किसान को आत्मनिर्भरता और नारी शक्ति को नेतृत्व का अवसर मिलना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में तैयार हो रही कुशल युवा शक्ति वर्ष 2047 के आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सबसे मजबूत रीढ़ बनेगी।






_page-0001.jpg)
























Comments