एनसीसी से बुलंद हो रहा सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों का आत्मविश्वास, 344 छात्र-छात्राएं ले रहे प्रशिक्षण
अन्य खबरे Nov 21, 2026 at 04:37 PM , 3**पांच विद्यालयों में संचालित हो रहा एनसीसी प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना का हो रहा विकास**
**लखनऊ, 21 नवंबर।** प्रदेश के समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित की जा रही है। परेड, प्रशिक्षण शिविर और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों के जरिए छात्र-छात्राओं को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) दिवस के अवसर पर विभाग की ओर से बताया गया कि सर्वोदय विद्यालयों के पांच परिसरों में कुल 344 छात्र-छात्राएं एनसीसी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें बस्तौरा, रसड़ा (बलिया) में 50, नगला हीरालाल, इटावा में 25, भोजीपुरा, बरेली में 100, परसिया, मिर्जापुर में 66 तथा सर्वोदय बालिका विद्यालय मड़िहान में 34 छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं। बलिया में चयनित 44 कैडेट 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए हैं। इसके अतिरिक्त इटावा के कांधनी सर्वोदय विद्यालय में 80 सीट की नई एनसीसी जूनियर डिवीजन यूनिट आवंटित की गई है।
एनसीसी प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में समय की पाबंदी, टीम भावना, जिम्मेदारी और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। इसके प्रमाणपत्र विद्यार्थियों के भविष्य और रोजगार के अवसरों में भी सहायक साबित होते हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में उपनिरीक्षक और कांस्टेबल (जीडी) की सीधी भर्ती में एनसीसी के ए, बी और सी प्रमाणपत्र धारकों को क्रमशः दो, तीन और पांच प्रतिशत बोनस अंक देने का प्रावधान है। वहीं, अग्निवीर भर्ती में भी प्रमाणपत्र के स्तर के अनुसार अतिरिक्त बोनस अंक दिए जाते हैं।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ आत्मविश्वासी, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक भी बनें। एनसीसी बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रसेवा का संस्कार विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा मिल रही है, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।






_page-0001.jpg)




















Comments