भाजपा को झटका, पूर्व राज्यमंत्री उत्पल राय समेत कई नेताओं ने थामा सपा का दामन
अन्य खबरे Nov 21, 2026 at 04:40 PM , 3**अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा में हुए शामिल, बोले- कमल छोड़कर कमल हमारे साथ आ गए**
**लखनऊ।** चुनावी सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी ने भाजपा को राजनीतिक झटका देने का दावा किया है। भाजपा के कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व राज्यमंत्री उत्पल राय समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में इन नेताओं ने पार्टी का दामन थामा।
सपा में शामिल होने वालों में गाजियाबाद के ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व राज्यमंत्री उत्पल राय तथा रेउसा के ब्लॉक प्रमुख अवधेश चौहान समेत कई नेता शामिल हैं।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जो लोग आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं, उन सभी का स्वागत है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, ''कमल छोड़कर कमल हमारे साथ आ गए। उत्पल का मतलब कमल होता है। उनका कमल मुरझा गया है, इसलिए नारा लगा रहे हैं- राधे-राधे कमल खिला दे। हमारे यहां तो विदाई में भी राधे-राधे कहते हैं।''
अखिलेश यादव ने अनिल कसाना का जिक्र करते हुए कहा कि उनका इलाका दिल्ली जैसा लगता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने पर गाजियाबाद और लोनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सभी वादे पूरे किए जाएंगे। वहीं, अवधेश चौहान के सपा में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि उन्हें एक दिन पहले ही बुलाया था और उन्होंने पहले से ही पार्टी में आने का मन बना लिया था। उनके आने से सीतापुर में पार्टी मजबूत होगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि आज न्याय मिलना और सम्मान प्राप्त करना सबसे बड़ा संकट बन गया है। उन्होंने इसके लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा हटेगी, तभी यह संकट दूर होगा।
**चुनाव आयोग को पत्र लिखने की कही बात**
अखिलेश यादव ने गोरखपुर प्रकरण पर कहा कि वह फिलहाल प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे। दो दिन के शोक के बाद इस मुद्दे पर विस्तार से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को पत्र लिखकर उन अधिकारियों के खिलाफ शिकायत करेंगे, जिन पर पिछले दस वर्षों से भाजपा के लिए काम करने का आरोप है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के रिश्तेदारों के रिश्तेदारों को भी महत्वपूर्ण स्थानों पर बैठाया गया है।
उन्होंने मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि पीडीए समाज के वोटों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। आयोग के समक्ष उठाए जाने वाले मुद्दों पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तार से पत्र लिखा जाएगा।
कांग्रेस के साथ सीटों के समीकरण पर अखिलेश यादव ने कहा कि सीटों और उनसे जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर कांग्रेस जीत सकती है, उन सभी पहलुओं पर भी चर्चा होगी।
वहीं, कुंडा में रामकथा के आयोजन से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले रामायण मेले का आयोजन कराती थी।






_page-0001.jpg)




















Comments