पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 में यूपी का जलवा, प्रदेश को मिले आठ राष्ट्रीय पुरस्कार
अन्य खबरे Nov 20, 2026 at 08:30 PM , 26'स्वनिधि से समृद्धि' श्रेणी में उत्तर प्रदेश को मिला प्रथम स्थान, ओवरऑल परफॉर्मेंस और स्पेशल कैंपेन में द्वितीय पुरस्कार
अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी को भी राष्ट्रीय सम्मान
लखनऊ, 20 नवंबर। रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 समारोह में उत्तर प्रदेश को राज्य एवं नगर निकाय स्तर पर कुल आठ राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें राज्य स्तर के तीन और नगर निकाय स्तर के पांच पुरस्कार शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी पहल और मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश के स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान प्रदेश के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के विश्वास, नगरीय निकायों की सक्रियता और सूडा की पूरी टीम के समर्पण एवं मेहनत का परिणाम है।
तीन प्रमुख श्रेणियों में प्रदेश को मिला सम्मान
पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 में उत्तर प्रदेश ने विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश को 'स्वनिधि से समृद्धि' श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि 'ओवरऑल परफॉर्मेंस' और 'स्पेशल कैंपेन' श्रेणियों में द्वितीय स्थान हासिल हुआ।
वहीं, नगर निकाय स्तर पर अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसके माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आसान ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र स्ट्रीट वेंडर तक योजना का लाभ पहुंचे, ऋण वितरण समयबद्ध हो और अधिक से अधिक छोटे कारोबारी डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें।
उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी नगर निकायों के साथ विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक डॉ. राजागणपति आर. ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से पुरस्कार प्राप्त किए। सूडा निदेशक ने इस उपलब्धि का श्रेय स्ट्रीट वेंडर्स, नगर आयुक्तों, परियोजना अधिकारियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सूडा की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों को दिया।






_page-0001.jpg)




















Comments