पीएम मोदी के आगमन पर लखनऊ में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर 12 से रात 10 बजे तक लागू रहेगी व्यवस्था

जनपत की खबर , 2

**लखनऊ।** प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को लखनऊ आगमन और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में आयोजित होने वाले पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 को देखते हुए राजधानी में यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम शाम 5:30 बजे से प्रस्तावित है। इसके लिए अमौसी एयरपोर्ट से शहीद पथ होते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक आवागमन का मार्ग निर्धारित किया गया है।
 
यातायात पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
 
**इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास इन मार्गों पर प्रतिबंध**
 
डिगडिगा (लोहिया पार्क) चौराहे से गोमतीनगर नए ओवरब्रिज की ओर, लोहिया संस्थान तिराहे से प्रतिष्ठान की ओर, पिकप ओवरब्रिज दोराहे से प्रतिष्ठान की ओर, कठौता चौराहे से विजयीपुर अंडरपास होकर प्रतिष्ठान की ओर तथा बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से प्रतिष्ठान की ओर यातायात बंद रहेगा।
 
इसके अलावा समिट बिल्डिंग तिराहे से विजयीपुर शहीद पथ अंडरपास सर्विस रोड, न्यू हाईकोर्ट मोड़ से प्रतिष्ठान चौराहा और मेघा मोटर्स/हयात होटल तिराहे से प्रतिष्ठान की ओर भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
 
**कमता-पॉलीटेक्निक मार्ग पर भी रहेगा डायवर्जन**
 
कमता शहीद पथ तिराहे से विजयीपुर अंडरपास तक सर्विस रोड और शहीद पथ पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। पॉलीटेक्निक से लोहिया पथ होकर हजरतगंज जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। अयोध्या और बाराबंकी की ओर से आने वाली बसों तथा भारी वाहनों को कमता की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन किसान पथ के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।
 
**शहीद पथ पर कई स्थानों से प्रवेश प्रतिबंधित**
 
शहीद पथ पर अय्यपा, हुसेड़िया, मलेशेमऊ, सीएमएस, नीलमथा, जीडी गोयनका, लुलु मॉल, मेदांता और अंसल अंडरपास से प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अहिमामऊ अंडरपास की ओर से भी आवागमन बंद रहेगा।
 
**इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल**
 
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को पॉलीटेक्निक, चिनहट तिराहा, कठौता, हुसेड़िया, कमता, भूतनाथ, बादशाहनगर, निशातगंज, किसान पथ, पुलिस इन्क्लेव और गोमतीनगर रेलवे स्टेशन होकर आवागमन करने की सलाह दी है।
 
**लोहिया अस्पताल जाने वालों के लिए व्यवस्था**
 
लोहिया अस्पताल जाने वाले वाहन पिकप ढाल से उतरकर पहले तिराहे से बाएं मुड़ेंगे और गेट नंबर-1 से अस्पताल में प्रवेश कर सकेंगे।
 
**आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट**
 
डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड और स्कूली वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। ऐसे वाहनों को यातायात पुलिस की सहायता से निकाला जाएगा।
 
यातायात संबंधी किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर **9454405155** पर संपर्क किया जा सकता है।
 
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित समय में प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

Related Articles

Comments

Back to Top