12 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षकों का बीएसए कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन
जनपत की खबर Nov 18, 2026 at 06:05 PM , 70**पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने समेत लंबित समस्याओं के समाधान की उठाई मांग**
**लखनऊ।** उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर परिषदीय शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष सुधांशु मोहन की अध्यक्षता में आयोजित इस धरने में सैकड़ों शिक्षकों ने प्रतिभाग कर 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
धरने के माध्यम से शिक्षकों ने मांग की कि एक अप्रैल 2005 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए। टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार विधानसभा से प्रस्ताव पारित कराकर भारत सरकार को भेजे। इसके साथ ही टास्क फोर्स के माध्यम से जांच बंद करने, पिछले 12 वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने तथा गैर-टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों की भी पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स में न्यूनतम अंक की अनिवार्यता समाप्त करने, विशेष शिक्षकों को अंतर्जनपदीय स्थानांतरण का अवसर देने तथा चयन वेतनमान के अंतर्गत 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सभी शिक्षकों को माध्यमिक शिक्षकों की भांति प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग की। इसके अलावा योग्य मृतक आश्रितों को शिक्षक पद पर नियुक्ति देने, विद्यालयों में सफाई कर्मचारी एवं चौकीदार की नियुक्ति करने की भी मांग रखी गई।
धरने में अंतर्जनपदीय एवं अंतःजनपदीय पारस्परिक स्थानांतरण शीतकालीन अवकाश में कराने, शिक्षकों को द्वितीय शनिवार का अवकाश तथा उपार्जित अवकाश अनुमन्य किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
धरने को संबोधित करते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना सक्सेना, जिला कोषाध्यक्ष फहीम बेग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह, गोसाईंगंज ब्लॉक अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, काकोरी अध्यक्ष अजय सिंह, मलिहाबाद अध्यक्ष अवधेश कुमार, माल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, बीकेटी अध्यक्ष राधेश्याम यादव, मोहनलालगंज अध्यक्ष रामशंकर शुक्ल, चिनहट अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी तथा महानगर अध्यक्ष अरुणेंद्र तिवारी सहित विभिन्न विकासखंडों के मंत्री एवं कोषाध्यक्षों ने अपने विचार रखे और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के उपरांत शिक्षकों ने जिलाधिकारी अथवा पुलिस कमिश्नर, लखनऊ के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया। जिला अध्यक्ष के प्रतिनिधि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लखनऊ विपिन कुमार ने शिक्षकों का ज्ञापन प्राप्त किया।













_page-0001.jpg)
























Comments