मंडियों की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर सख्त हुए मंडी निदेशक, 10 दिन में सुधार नहीं तो निलंबन
अन्य खबरे Nov 18, 2026 at 05:05 PM , 27**चकरपुर मंडी की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, सचिव से मांगा स्पष्टीकरण; 200 किलोवाट का ट्रांसफॉर्मर लगाने के निर्देश**
**अकबरपुर धान क्रय केंद्र पर एक ही कांटा मिला चालू, सभी कांटों और उपकरणों को तत्काल क्रियाशील करने की हिदायत**
**कानपुर/लखनऊ, 18 नवंबर।** किसानों को मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और धान खरीद व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मंडी परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार को नवीन फल एवं सब्जी मंडी, चकरपुर (कानपुर) तथा उप मंडी स्थल अकबरपुर (कानपुर देहात) का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई, विद्युत व्यवस्था और धान खरीद केंद्रों पर मिली खामियों को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 दिन के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
### चकरपुर मंडी की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी
चकरपुर स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी के निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इस पर निदेशक ने नाराजगी जताते हुए मंडी परिसर में नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी सचिव विजय बालियान से इस संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने को भी कहा।
उन्होंने निर्माणाधीन शौचालय का कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान टूटे हुए बिजली के पोल की तत्काल मरम्मत कराने तथा मंडी की आवश्यकताओं के अनुरूप 200 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफॉर्मर स्थापित कराने को कहा।
निदेशक ने स्पष्ट किया कि मंडी में आने वाले किसानों, व्यापारियों और अन्य लोगों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
### 10 दिन बाद फिर होगी व्यवस्थाओं की परीक्षा
सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि आगामी 10 दिनों बाद मंडी का दोबारा निरीक्षण कराया जाएगा। इस दौरान सफाई व्यवस्था में हुए सुधार और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि पुनः निरीक्षण में अपेक्षित सुधार नहीं मिला अथवा लापरवाही दोहराई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निलंबन सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडियों की स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और सुव्यवस्थित संचालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
### अकबरपुर धान क्रय केंद्र पर एक ही कांटा मिला चालू
इसके बाद निदेशक ने कानपुर देहात के उप मंडी स्थल अकबरपुर में संचालित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां अनुमन्य कांटों की संख्या के मुकाबले केवल एक कांटा ही क्रियाशील पाया गया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सभी अनुमन्य कांटों सहित धान खरीद से जुड़े उपकरणों और अन्य आवश्यक सुविधाओं को तत्काल शत-प्रतिशत क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया पारदर्शी हो और किसानों की उपज की तौल समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। इसमें संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
### अकबरपुर की सफाई व्यवस्था पर जताया संतोष
उप मंडी स्थल अकबरपुर में निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इस पर निदेशक ने अधिकारियों की सराहना करते हुए मौजूदा व्यवस्था को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निगरानी के माध्यम से स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि मंडियों का सुचारु संचालन, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और किसानों को बेहतर सेवाएं देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।






_page-0001.jpg)




















Comments