यूपी में सड़क विकास को मिलेगी रफ्तार, 25 परियोजनाओं के प्रस्तावों को मंजूरी
अन्य खबरे Nov 18, 2026 at 05:45 PM , 29**पीसीयू मानकों में शिथिलीकरण के प्रस्ताव अनुमोदित, बाईपास निर्माण से लेकर औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स इकाइयों तक सड़क संपर्क होगा बेहतर**
**लखनऊ, 18 नवंबर।** उत्तर प्रदेश में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने और औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए 25 सड़क परियोजनाओं के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को लोक निर्माण विभाग की उच्च स्तरीय समिति की बैठक में पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) के मानकों में शिथिलीकरण से संबंधित इन प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया। इनमें आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का एक और लोक निर्माण विभाग के 24 प्रस्ताव शामिल हैं।
अनुमोदित परियोजनाओं के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बाईपास मार्गों का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स इकाइयों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित तकनीकी एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और परियोजनाओं की प्रगति की निरंतर समीक्षा पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं भी समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
### बाईपास से घटेगा यातायात का दबाव, औद्योगिक क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मुख्य सचिव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन अधिक सुगम बनेगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ औद्योगिक इकाइयों, लॉजिस्टिक्स केंद्रों, संस्थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इससे आर्थिक और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
### कानपुर, बांदा और गोरखपुर की प्रमुख परियोजनाएं
बैठक में अनुमोदित प्रमुख परियोजनाओं में कानपुर नगर में गंगा बैराज की ओर प्रवेश के लिए अटल घाट के पीछे से नवीन फोरलेन मार्ग का निर्माण और कम्पनी बाग चौराहे तक चौड़ीकरण शामिल है। इस पर 2,270 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बांदा में 10.20 किलोमीटर लंबे चार लेन बाईपास का निर्माण 9,392.42 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। रामपुर के टांडा क्षेत्र में 6.50 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण पर 6,610.69 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंच मार्ग के लिए आठ लेन और परिधीय मार्ग के लिए चार लेन सड़क का 1.85 किलोमीटर लंबा निर्माण 10,373.82 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
### कई जिलों में होगा सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण
कन्नौज में पुराने जीटी मार्ग का 10.50 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 6,012.77 लाख रुपये से किया जाएगा। रायबरेली में खरोली-बाबूगंज-सूची मार्ग के विभिन्न खंडों में 6.540 किलोमीटर सड़क के सुधार पर 5,151.43 लाख रुपये खर्च होंगे।
अयोध्या में उतरौला-फैजाबाद-इलाहाबाद मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-009) का 2.87 किलोमीटर हिस्सा 3,074 लाख रुपये की लागत से चौड़ा और सुदृढ़ किया जाएगा। कुशीनगर में सिसवा-खड्डा मार्ग पर शिवाजी चौक से खड्डा थाना, तहसील एवं ब्लॉक होते हुए जखनिया मार्ग तक सड़क सुधार पर 980.56 लाख रुपये खर्च होंगे।
अमरोहा में अमरोहा-काफूरपुर मार्ग से रजबपुर एनएच-09 तक 13.850 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 4,667.01 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अमेठी में जगदीशपुर-जायस मार्ग पर चिटहुला गेट से बिल्लेश्वर धाम होते हुए दक्खिनवारा तक 2.250 किलोमीटर सड़क का सुधार 481.45 लाख रुपये से कराया जाएगा।
### औद्योगिक इकाइयों और लॉजिस्टिक्स केंद्रों तक बेहतर संपर्क
औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों तक सड़क पहुंच बेहतर बनाने के लिए भी कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। बुलंदशहर में खुर्जा-जेवर मार्ग से न्यू खुर्जा जंक्शन रेलवे सेक्शन, डीएफसीसीआईएल, क्योली कलां तक 6.25 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण 7,838.49 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है।
लखीमपुर खीरी में सीबीजी प्लांट के मैटेरियल गेट से हरिनगर ग्रंट तक 2.90 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 1,108.51 लाख रुपये से होगा। संतकबीरनगर में लगडाबार से बकची खास स्थित मरुभूमि मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड तक 0.90 किलोमीटर संपर्क मार्ग का निर्माण 923.32 लाख रुपये से कराया जाएगा।
मीरजापुर में नारायणपुर-इमलिया चट्टी मार्ग से न्यू अहरौरा रेलवे स्टेशन तक दो किलोमीटर लंबे दो लेन लिंक रोड का निर्माण 810.03 लाख रुपये से होगा। हाथरस में हाथरस-जलेसर मार्ग से नए हाथरस स्टेशन तक 1.610 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 551.36 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
कानपुर में रमईपुर-कैंधा मार्ग से रामपुर खास (डीएफसीसीआईएल) तक 2.70 किलोमीटर सड़क के सुधार पर 963.74 लाख रुपये खर्च होंगे। फिरोजाबाद में मक्खनपुर होते हुए डीएफसीसीआईएल तक 1.10 किलोमीटर मार्ग का निर्माण 727.80 लाख रुपये से प्रस्तावित है।
फतेहपुर में पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के सीबीजी प्लांट से चांदपुर-लहरीमऊ मार्ग तक 1.050 किलोमीटर पहुंच मार्ग का निर्माण 233.22 लाख रुपये से होगा। प्रयागराज में बीपी रोड जमोहरा से नेचुरोपैथी सेंटर होते हुए लतीफपुर मार्ग के 6.25 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण 884.09 लाख रुपये से कराया जाएगा।
### अन्य जिलों में भी स्वीकृत हुए संपर्क मार्ग
बदायूं में महिला पीएसी वाहिनी के आवासीय एवं अनावासीय भवनों तक 0.480 किलोमीटर पहुंच मार्ग का निर्माण 216.65 लाख रुपये से होगा। फतेहपुर में जीटी मार्ग से बीबी कोच फैक्ट्री तक 0.550 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 105.01 लाख रुपये तथा जीटी मार्ग से गोकुल फूड फैक्ट्री तक 0.350 किलोमीटर पहुंच मार्ग के निर्माण पर 56 लाख रुपये खर्च होंगे।
फिरोजाबाद में नगला फतेह से होते हुए डीएफसीसीआईएल तक 1.20 किलोमीटर मार्ग का निर्माण 502.21 लाख रुपये से कराया जाएगा। कानपुर देहात में रनिया (मयूर फैक्ट्री) से अलियापुर तक 1.300 किलोमीटर सड़क का निर्माण 831.37 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है।
बैठक में प्रमुख सचिव वन एमपी अग्रवाल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, सचिव नियोजन डॉ. राजशेखर सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






_page-0001.jpg)




















Comments