उत्तराखंड के साथ मिलकर विकसित होगा बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट, प्रचार-प्रसार केंद्र भी बनेंगे
अन्य खबरे Nov 18, 2026 at 03:35 PM , 34**पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को दी चेतावनी, परियोजनाओं में देरी पर ठेकेदारों से वसूली जाएगी पेनाल्टी; 15 दिसंबर तक स्थापित होंगी महापुरुषों की प्रतिमाएं**
**लखनऊ, 18 नवंबर।** उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट के प्रचार-प्रसार को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। इसके तहत दोनों राज्यों में प्रचार-प्रसार केंद्र स्थापित करने की योजना है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
पर्यटन मंत्री ने बुधवार को पर्यटन भवन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की संचालित, प्रस्तावित और विलंबित परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्धारित समय में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों से पेनाल्टी वसूली जाएगी और लापरवाही के लिए जवाबदेही भी तय होगी।
### परियोजनाओं को अगले महीने तक पूरा करने के निर्देश
जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों विभागों की परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को दूर कर अगले महीने तक हर हाल में काम पूरा कराया जाए। उन्होंने आवंटित बजट की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि धन के अभाव में कोई भी कार्य बाधित न हो।
उन्होंने महापुरुषों एवं राष्ट्रनायकों की तैयार प्रतिमाओं को 15 दिसंबर 2026 तक स्थापित कराने के निर्देश भी दिए। पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी संबंधित जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की समस्याओं का समाधान करें। साथ ही अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण भी करें।
### चित्रकूट और विंध्याचल की परियोजनाओं पर जताई नाराजगी
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने चित्रकूट और विंध्याचल क्षेत्र की परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने इको टूरिज्म परियोजनाओं का काम शुरू कराने के लिए आवश्यक शासनादेश जारी करने को भी कहा। इसके अलावा संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकारों की स्थिति की समीक्षा करने और विभागीय गतिविधियों का एक सप्ताह के भीतर पुनरीक्षण करने के निर्देश विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन को दिए।
### नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच हुई वार्ता के क्रम में दोनों राज्यों के बीच बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट को लेकर एमओयू किया जाना है। इसके लिए उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि महाभारत सर्किट का कुछ हिस्सा उत्तराखंड से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच समन्वय स्थापित कर धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए केंद्र स्थापित करना भी जरूरी है।
### पर्यटन नीति में संशोधन और एग्री टूरिज्म पर जोर
बैठक में पर्यटन नीति-2022 में समयानुकूल संशोधन तथा हितधारकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। मंत्री ने परंपरागत गृहों के निर्माण के लिए भूमि की व्यवस्था करने पर जोर दिया।
उन्होंने एग्री टूरिज्म, ओडीओसी तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को पर्यटन से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक गतिविधियों को पर्यटन से जोड़कर नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात, निदेशक संस्कृति संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम आशीष कुमार, पर्यटन सलाहकार जेपी सिंह, निदेशक पुरातत्व रेनू द्विवेदी सहित अमित अग्निहोत्री, तुहिन द्विवेदी, अंजू चौधरी और रेनू रंग भारती उपस्थित रहे।






_page-0001.jpg)




















Comments