गोरखपुर को मिलेगी प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की सौगात, योगी 19 नवंबर को करेंगे शिलान्यास

अन्य खबरे , 30

**50 हेक्टेयर भूमि पर 491 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा विश्वविद्यालय, आयुष विश्वविद्यालय के बाद गोरखपुर के खाते में जुड़ी एक और विशिष्ट उपलब्धि**
 
**मुख्यमंत्री 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण**
 
**गोरखपुर, 18 नवंबर।** मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोरखपुर को शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला गुरुवार, 19 नवंबर को कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में रखी जाएगी। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में अपनी तरह का पहला और देश का दूसरा संस्थान होगा। इसके साथ ही गोरखपुर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
 
प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना से गोरखपुर में विशिष्ट उच्च शिक्षा के दो बड़े केंद्र विकसित होंगे। इस उपलब्धि के बाद गोरखपुर में कुल पांच विश्वविद्यालय हो जाएंगे। इसे पूर्वांचल के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
 
### पांच विश्वविद्यालयों के साथ बनेगा नॉलेज कैपिटल
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते वर्षों में गोरखपुर उच्च शिक्षा और शोध के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरा है। वर्तमान में जिले में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं।
 
अब वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ जिले में विश्वविद्यालयों की संख्या पांच हो जाएगी। इनमें आयुष और वानिकी विश्वविद्यालय अपने विशिष्ट शैक्षणिक विषयों एवं पाठ्यक्रमों के कारण विशेष महत्व रखते हैं। इससे गोरखपुर को नॉलेज कैपिटल के रूप में विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं मिलेंगी।
 
### 491 करोड़ से विकसित होगा आधुनिक विश्वविद्यालय परिसर
 
जिलाधिकारी दीपक मीणा के अनुसार कैंपियरगंज के भारीवैसी क्षेत्र में प्रस्तावित विश्वविद्यालय के लिए लगभग 50 हेक्टेयर यानी 123.55 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है। इसके निर्माण पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
 
विश्वविद्यालय की स्थापना का उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, औद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना है। इससे उत्तर प्रदेश सहित पूरे उत्तर भारत के विद्यार्थियों को वन विज्ञान और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
 
### बीएससी, एमएससी और पीएचडी के साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी होंगे संचालित
 
प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के अनुसार विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई होगी।
 
यहां स्नातक (बीएससी), परास्नातक (एमएससी), पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण दिए जाने का प्रस्ताव भी है।
 
### 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावास समेत बनेंगी आधुनिक सुविधाएं
 
विश्वविद्यालय परिसर को आधुनिक शैक्षणिक और शोध सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसके तहत प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार और 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा।
 
इसके अलावा 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह और अन्य आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
 
### 792 करोड़ की 55 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को कैंपियरगंज में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ गोरखपुर को विकास परियोजनाओं की भी बड़ी सौगात देंगे।
 
इस दौरान मुख्यमंत्री 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 621.05 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
 
इन परियोजनाओं के माध्यम से गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं तथा विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Comments

Back to Top