*सपा नेताओं ने अभी से धमकियां देना शुरू कर दिया है, सरकार आएगी, तो देख लेंगे: पंकज चौधरी*
जनपत की खबर Nov 15, 2026 at 04:59 PM , 42*नवाब सिंह यादव मामले में सपा नेताओं के रवैये पर पंकज चौधरी ने उठाए सवाल*
*सपा और उसके जैसे परिवारवादी दलों की राजनीति परिवार से शुरू और परिवार के विकास पर ही खत्म हो जाती है: पंकज चौधरी*
*कन्नौज के सांसद की राजनीति परिवार बचाओ, तिजोरी भरो तक सीमित रही: पंकज*
*सपा की राजनीति परिवार तक सीमित, मोदी सरकार का मंत्र घर, पढ़ाई, कमाई और दवाई : पंकज चौधरी*
*जल, जंगल, जमीन और संस्कृति के संरक्षण में घुमंतू समाज का अहम योगदान : पंकज चौधरी*
*घुमंतू समाज के सम्मान, पहचान, अवसर और विकास के लिए प्रतिबद्ध भाजपा सरकार : पंकज चौधरी*
*घुमंतू समाज के कल्याण के लिए उत्तर प्रदेश घुमंतू विकास बोर्ड का गठन : पंकज चौधरी*
*कन्नौज, 15 नवंबर 2026।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन सपा नेताओं ने अभी से धमकियां देना शुरू कर दिया है कि 2027 में उनकी सरकार आएगी, तो वे देख लेंगे। इसी को देखते हुए शिवपाल सिंह यादव को 8 नवंबर को अपने जिला अध्यक्षों से कहना पड़ा कि कोई भी सत्ता में आने की धमकी नहीं देगा। उन्होंने कहा कि एक नाबालिग बच्ची के साथ गलत काम करने वाले नवाब सिंह यादव को वर्ष 2026 में सजा हुई। उनके बचाव में समाजवादी पार्टी के सबसे बड़े नेता लगे हुए थे। प्रदेश में सपा सरकार होती, तो नवाब सिंह यादव को कभी सजा नहीं हो पाती।
ये बातें उन्होंने रविवार को कन्नौज के बोर्डिंग ग्राउंड में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित घुमंतू समाज सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कहीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर नमन करते हुए कहा कि इत्र नगरी कन्नौज अपनी खुशबू और इतिहास के लिए प्रसिद्ध है। हमारे पुरखों ने सदियों से जल, जंगल और जमीन को संरक्षित रखने के साथ अपनी संस्कृति को भी सहेजने का कार्य किया है। जनजातीय गौरव दिवस महान नायकों के योगदान और बलिदान को याद करने का अवसर है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश ऐसे महानायकों को याद कर रहा था, तब उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक शासन करने वाले अवसरवादी दल कहां थे? सपा और उसके जैसे परिवारवादी दलों की राजनीति अपने परिवार के उत्थान से शुरू होती है और अपने ही परिवार के विकास पर खत्म हो जाती है। इन्हें गरीबों, शोषितों, वंचितों, घुमंतू और विमुक्त समाज के दर्द से कभी कोई सरोकार नहीं रहा। वहीं, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के कार्यों को चार शब्दों में समेटा जा सकता है- घर, पढ़ाई, कमाई और दवाई।
चौधरी ने कहा कि कन्नौज के सांसद और उनके परिवार ने पीढ़ियों तक सत्ता का सुख भोगा, लेकिन उन्हें कभी घुमंतू समाज के बच्चों की शिक्षा, उनके आवास और स्वाभिमान की चिंता नहीं हुई। उनकी राजनीति परिवार बचाओ, तिजोरी भरो तक सीमित रही। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता 2017 से पहले और उसके बाद के उत्तर प्रदेश की स्थिति की स्वयं तुलना करे और प्रदेश में आए बदलावों का आकलन करें।
चौधरी ने कहा कि सरकार और समाज के रिश्ते को चार शब्दों में समझा जा सकता है- सम्मान, पहचान, अवसर और विकास। आपकी सतत जीवनशैली आज दुनिया के लिए मिसाल है। विकसित भारत 2047 का सपना आपके बिना अधूरा है। कोचिंग से लेकर कलेक्टर तक का रास्ता अब आपके बच्चों के लिए खुला है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक महान राष्ट्रनायकों की गाथाओं और समाज के अधिकारों को इतिहास के पन्नों के हाशिये पर रखा गया। आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान हमारी सरकार ने गुमनाम बलिदानियों को सम्मान देने का कार्य किया। वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया। 15 नवंबर 2024 से 15 नवंबर 2025 तक पूरे देश में जनजातीय गौरव वर्ष मनाया गया। हमारा संदेश स्पष्ट है कि जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उनका स्थान पूरे राष्ट्र के हृदय में है।
उन्होंने कहा कि आजादी के इतने दशकों बाद भी पूर्ववर्ती सरकारों, विशेषकर खुद को समाजवाद का मसीहा बताने वालों ने विमुक्त और घुमंतू समाज की सुध नहीं ली। कन्नौज और उत्तर प्रदेश की जनता को जातियों के नाम पर बांटने वाले परिवारवादियों ने कभी इस समाज को पक्का मकान, शिक्षा और रोजगार देने की चिंता नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार घुमंतू समाज के उत्थान के लिए ठोस पहल हुई। जनवरी 2015 में राष्ट्रीय आयोग का गठन हुआ, फरवरी 2019 में विकास एवं कल्याण बोर्ड की स्थापना हुई और वर्ष 2022 में आर्थिक सशक्तिकरण के लिए SEED योजना शुरू की गई।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने घर के तहत तंबू से पक्के मकान तक की यात्रा को प्राथमिकता दी गई है। पढ़ाई के तहत वर्ष 2025-26 में 4,485 विमुक्त जनजाति विद्यार्थियों के लिए 26 करोड़ 75 लाख रुपये दिए गए तथा पीएम-यशस्वी छात्रवृत्ति के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिल रहा है। कमाई के तहत आजीविका घटक में 16 करोड़ रुपये से 64,701 लोगों को सशक्त किया गया। पीएम-दक्ष योजना के तहत 1 लाख 87 हजार से अधिक लोगों को कौशल प्रशिक्षण और 96 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला। वहीं, दवाई के तहत वर्ष 2025-26 में विमुक्त जनजाति के परिवारों को 73,569 आयुष्मान भारत कार्ड जारी किए गए।
उन्होंने कहा कि 79,156 करोड़ रुपये की लागत से धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से पांच करोड़ से अधिक नागरिकों तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुरूप अगस्त 2026 में कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश घुमंतू विकास बोर्ड के गठन को मंजूरी दी, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक आवास, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सहित सरकारी सुविधाएं पहुंचाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि घुमंतू और विमुक्त समाज के इतिहास को कुचलने का काम अंग्रेजों ने 1871 के क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट के माध्यम से किया था, जिसे 31 अगस्त 1952 को विमुक्ति दिवस के रूप में समाप्त किया गया। बंजारा, भील, गाड़िया लोहार से लेकर निषादराज और माता शबरी तक हमारी साझा संस्कृति ही देश की असली ताकत है। प्रकृति के साथ जीवन जीने की सीख हमारे पुरखों ने दी है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने माता-पिता और रिश्तेदारों से 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी लें। आज युवाओं के पास 24 घंटे इंटरनेट की सुविधा है। वे स्वयं सर्च करें, गांवों में जाएं और कानून-व्यवस्था, सड़कों, बिजली तथा शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की तुलना करें। तथ्यों के आधार पर स्वयं निर्णय लें कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में कितना परिवर्तन किया है।
अंत में चौधरी ने कहा कि आगे सुधार की बहुत संभावनाएं हैं और भाजपा सरकार इसके लिए पूरी तरह समर्पित है। निरंतर सुधार हमारी नीति, रीति और कार्यशैली का हिस्सा है। कन्नौज की धरती से वह भरोसा दिलाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार घुमंतू एवं विमुक्त समाज के अधिकारों के साथ खड़ी है। परिवारवादियों की चालों से सावधान रहने की आवश्यकता है। यह समय अपने बच्चों के हाथों में किताब और सिर पर पक्की छत सुनिश्चित करने का है। उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का भारत और विकसित भारत 2047 बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।






_page-0001.jpg)
























Comments