विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 से 20 नवम्बर तक प्रदेश के सभी बूथों पर होगी टेबल टॉप एक्सरसाइज

अन्य खबरे , 35

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को मतदाता सूची की गहन जांच एवं त्रुटियों को चिह्नित करने के दिए निर्देश

लखनऊ 16 नवम्बर, 2026

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत प्रदेश की मतदाता सूची को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत प्रदेश के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 17 नवम्बर से 20 नवम्बर, 2026 तक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा टेबल टॉप एक्सरसाइज (Table Top Exercise) आयोजित की जाएगी।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने इस संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान मतदाता सूचियों की सूक्ष्मता से जांच एवं सत्यापन सुनिश्चित कराया जाए। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद विभिन्न प्रकार की विसंगतियों एवं त्रुटियों को चिह्नित कर उनके नियमानुसार संशोधन की कार्यवाही सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के तहत मतदाता सूची का सत्यापन दो स्तरों पर किया जाएगा। प्रथम स्तर पर प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी अपने आवंटित मतदेय स्थल की संपूर्ण मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। वहीं, द्वितीय स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर अपने पर्यवेक्षणीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी बूथों की मतदाता सूची का समग्र परीक्षण एवं सत्यापन करेंगे। इसके लिए 17 नवम्बर, 2026 को प्रत्येक बीएलओ को संबंधित मतदेय स्थल की आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान मतदाताओं के नाम, पिता अथवा पति के नाम, संबंधी के विवरण तथा आयु से संबंधित त्रुटियों की विशेष रूप से जांच की जाएगी। असामान्य रूप से अधिक आयु दर्ज होने के प्रकरणों को चिह्नित किया जाएगा। इसके साथ ही मतदाता के नाम एवं फोटो के अनुरूप जेंडर का सही उल्लेख तथा मतदाता के संबंधी के जेंडर संबंधी विवरण का भी सत्यापन किया जाएगा।

उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में क्षेत्रीय एवं स्थानीय भाषा की भी जांच की जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि संबंधित प्रविष्टियों में किसी अन्य राज्य की भाषा का अनावश्यक रूप से प्रयोग तो नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त अस्पष्ट, धुंधली अथवा अमानक गुणवत्ता वाली फोटो को चिह्नित किया जाएगा। 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में एक ही मतदाता की एक से अधिक प्रविष्टियों अथवा समान विवरण वाली दोहरी प्रविष्टियों की भी गंभीरता से जांच की जाए। टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान चिह्नित की गई सभी त्रुटियों एवं विसंगतियों का विवरण व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की निर्धारित अवधि के दौरान नियमानुसार आवश्यक संशोधन की कार्यवाही की जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर निर्धारित समयावधि 17 से 20 नवम्बर, 2026 के भीतर जांच एवं सत्यापन का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें।

उन्होंने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान का व्यापक पर्यवेक्षण करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों से अवगत कराएं तथा मतदाता सूची की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराएं।

Related Articles

Comments

Back to Top