IBM इंडिया के सहयोग से लखनऊ में मेगा जॉब मेला-2026, AI और डिजिटल स्किल्स को मिलेगा बढ़ावा
जनपत की खबर Aug 03, 2026 at 08:15 PM , 14लखनऊ, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में IBM India CSR के सहयोग से मेगा जॉब मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। इस साझेदारी के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल स्किल्स, इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, जिससे युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सके।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीकों, डिजिटल कौशल, प्रभावी संवाद क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि बदलते दौर में स्वयं को लगातार अपडेट रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कौशल विकास मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जबकि IBM इंडिया/दक्षिण एशिया की CSR लीड शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश के युवाओं तक अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और AI आधारित शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एमओयू के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मेले में प्रदेश के विभिन्न पॉलिटेक्निक, आईटीआई, इंजीनियरिंग एवं डिग्री कॉलेजों के 2,000 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। वहीं Airtel Payments Bank, Nykaa, Tata Motors, Suzuki सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के विविध अवसर उपलब्ध कराए।































Comments