ब्रिक्स देशों के सांख्यिकी प्रमुखों का लखनऊ में होगा मंथन, 'गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी' पर रहेगा फोकस

जनपत की खबर , 19

लखनऊ। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 3 और 4 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों (एनएसओ) के प्रमुखों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक का मुख्य विषय "परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी" रखा गया है।

इस बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य डेटा की गुणवत्ता, सांख्यिकीय प्रणालियों में नवाचार, प्रभावी डेटा प्रसार और सदस्य देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाना है।

भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता "सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण (BRICS)" विषय पर केंद्रित है। इसी के अनुरूप सांख्यिकी ट्रैक में आधिकारिक आंकड़ों की गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

बैठक में ब्रिक्स संयुक्त सांख्यिकी प्रकाशन (JSP) और स्नैपशॉट BRICS JSP को और सुदृढ़ बनाने, राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणालियों में सुधार, डेटा की उपलब्धता और पहुंच बढ़ाने तथा व्यापक आर्थिक एवं क्षेत्रीय सांख्यिकी को मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।

सम्मेलन के साथ दो विशेष सह-कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 3 अगस्त को "प्रशासनिक डेटा की क्षमता को उजागर करना" तथा 4 अगस्त को "विकसित होते डेटा पारिस्थितिकी तंत्र में एआई की तैयारी" विषय पर विशेषज्ञ चर्चा होगी। इन कार्यक्रमों में नीति निर्माता, शिक्षाविद, थिंक टैंक, नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधि और तकनीकी विशेषज्ञ भी भाग लेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top