सीडीओ और बीएसए का कंपोजिट विद्यालय सरैंया में औचक निरीक्षण, बच्चों संग बैठकर किया मध्यान्ह भोजन

राष्ट्रीय , 36

स्मार्ट क्लास में बच्चों से पूछे सवाल, शिक्षण व्यवस्था और अधिगम से संतुष्ट दिखे अधिकारी

लखनऊ। विकासखंड बक्शी का तालाब के कंपोजिट विद्यालय सरैंया का मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रफुल्ल कुमार शर्मा एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी बक्शी का तालाब प्रीति शुक्ला ने बताया कि निरीक्षण के समय विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय में कुल 380 विद्यार्थियों के नामांकन के सापेक्ष 75 प्रतिशत से अधिक छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई। साथ ही 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए संचालित बाल वाटिका का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक कक्षा का भ्रमण किया। स्मार्ट क्लास में बच्चों के बीच बैठकर उनसे विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे और उनकी सीखने की क्षमता का आकलन किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए।

मध्यावकाश के दौरान सीडीओ ने विद्यार्थियों के साथ पंगत में बैठकर प्रधानमंत्री पोषण योजना (मिड-डे मील) के तहत परोसा गया भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर अक्षय पात्र संस्था द्वारा बच्चों को दाल-चावल परोसा गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Comments

Back to Top