यूपी में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में आंधी, वज्रपात और अतिवृष्टि की चेतावनी
जनपत की खबर Jul 02, 2026 at 08:37 PM , 25मौसम विभाग का रेड और ऑरेंज अलर्ट, राहत आयुक्त ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए
लखनऊ, 2 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश, आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राहत आयुक्त कार्यालय ने भी सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को अलर्ट जारी करते हुए आवश्यक एहतियाती इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज रात 8:30 बजे से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश के अनेक जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विशेष रूप से बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भारी से अति भारी वर्षा होने की आशंका व्यक्त की गई है।
इसके अलावा वाराणसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन तथा आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश के साथ मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, शाहजहांपुर समेत अनेक जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है।
राहत आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव, बाढ़ संभावित क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, बिजली और नगर निकायों की टीमें अलर्ट मोड में रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैयार रखें।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करें। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी रहेंगी और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।































Comments