**UPTET-2026: लखनऊ में नकल पर सख्त पहरा, डीएम-जेसीपी ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण**

जनपत की खबर , 28

 **46 सेक्टर व 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात, सीसीटीवी निगरानी, बायोमैट्रिक सत्यापन और कंट्रोल रूम से होगी हर गतिविधि की मॉनिटरिंग**

**लखनऊ, 2 जुलाई 2026।** उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए लखनऊ जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने गुरुवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 
निरीक्षण की शुरुआत नबीउल्लाह रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (छोटी जुबली) से हुई, जहां अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। इसके बाद शाहमीना रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 
निरीक्षण के दौरान बायोमैट्रिक एवं पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा हर हाल में निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए।
 
जिलाधिकारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि की लगातार निगरानी की जाएगी, जबकि जोनल मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
 
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए **46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट** तैनात किए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है तथा जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम से पूरी परीक्षा प्रक्रिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
 
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा, तकनीकी निगरानी और कड़े प्रशासनिक प्रबंधों के जरिए UPTET-2026 को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और नकलविहीन बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top