यूपी के किसानों और गरीब परिवारों को बड़ी सौगात: चना-मसूर-सरसों की MSP खरीद 15 दिन बढ़ी, PM आवास योजना में 6.18 लाख नए घर मंजूर

जनपत की खबर , 17

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महत्वपूर्ण स्वीकृति पत्र सौंपे।

किसानों को राहत देते हुए चना, मसूर और सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की अवधि 15 दिन बढ़ा दी गई है। अब किसान अपनी उपज को 24 जून से 8 जुलाई तक समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उत्तर प्रदेश के लिए 6.18 लाख नए आवासों को मंजूरी दी गई है। इससे प्रदेश के लाखों गरीब परिवारों को पक्के घर का लाभ मिलेगा।

योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। केंद्र सरकार प्रदेश के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की छोटी जोतों को लाभकारी बनाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग (एकीकृत कृषि प्रणाली) को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। साथ ही लखनऊ में क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध हो सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की अगली किस्त उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवास निर्माण कार्यों को गति मिल सके।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की ओर से मिले सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि किसानों एवं गरीब परिवारों के हित में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top