लखनऊ में स्मार्ट मीटर पर बवाल: ‘एडवांस पैसा नहीं तो बिजली नहीं’ से उपभोक्ता नाराज़, उपकेंद्र पर प्रदर्शन

अन्य खबरे , 26

लखनऊ। राजधानी में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। ‘एडवांस पैसा नहीं तो बिजली नहीं’ के फंडे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली बिल का भुगतान करने के बावजूद भी कई जगहों पर नियमित रूप से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि जब उन्हें एडवांस वेतन नहीं मिलता, तो वे एडवांस में बिजली का भुगतान कैसे करें। इस व्यवस्था को लेकर खासतौर पर मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है।
भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने स्थिति और गंभीर बना दी है। बिजली बिल काउंटरों पर महिला और पुरुष उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर आशियाना क्षेत्र के रजनीखंड निवासी उपभोक्ताओं का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।
स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच यह मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

Related Articles

Comments

Back to Top