“हर बच्चा स्कूल में” अभियान को मिली रफ्तार, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने मिलकर भरी हुंकार
जनपत की खबर Mar 28, 2026 at 06:20 PM , 113लखनऊ (सरोजनी नगर):
विकास खण्ड सरोजनी नगर में ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधानों, स्थानीय प्राधिकारियों और प्रधानाध्यापकों की संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज, बिजनौर में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उप जिलाधिकारी सरोजनी नगर श्री अंकित शुक्ला द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पार्षद, अभिभावक, शिक्षक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। खंड शिक्षा अधिकारी सरोजनी नगर श्री आर.पी. यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उप जिलाधिकारी अंकित शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा—“हर बच्चे को विद्यालय भेजना हम सभी की जिम्मेदारी है। कोई भी बच्चा प्राथमिक शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन दोनों का कर्तव्य है।”
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी आर.पी. यादव ने कहा कि यह कार्यशाला शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और स्कूलों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि विभाग का लक्ष्य केवल नामांकन बढ़ाना ही नहीं, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, संसाधन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने में सहयोग करें। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय दादूपुर एवं प्राथमिक विद्यालय नूर नगर मदरसा के छात्रों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत, एडीओ समाज कल्याण सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कुल मिलाकर यह कार्यशाला शिक्षा के क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने और “हर बच्चा स्कूल में” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।





















































Comments