लोकसभा में नक्सलवाद पर बड़ा मंथन आज, 31 मार्च की डेडलाइन से पहले सरकार की तैयारी पर होगी चर्चा

जनपत की खबर , 100

लखनऊ/नई दिल्ली। देश में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्र सरकार के प्रयासों की सोमवार को लोकसभा में अहम परीक्षा होने जा रही है। संसद के निचले सदन में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई और उसकी प्रगति पर विस्तृत चर्चा निर्धारित की गई है।
कार्यसूची के अनुसार, शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे नियम 193 के तहत अल्पकालिक चर्चा का मुद्दा उठाते हुए इस बहस की शुरुआत करेंगे। इस दौरान सरकार की रणनीति, अब तक की उपलब्धियां और जमीनी हकीकत पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही कई मंचों से यह घोषणा कर चुके हैं कि केंद्र सरकार 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में यह चर्चा बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे साफ होगा कि सरकार अपने इस लक्ष्य के कितने करीब पहुंची है।
सूत्रों के मुताबिक, बहस के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई, प्रभावित राज्यों में विकास योजनाओं की स्थिति और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बदलते हालात जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठ सकते हैं।
यह चर्चा न केवल सरकार के दावों की परख करेगी, बल्कि आने वाले समय में नक्सलवाद के खिलाफ रणनीति की दिशा भी तय कर सकती है।

Related Articles

Comments

Back to Top