लखनऊ में ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी व उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों को दी गई विभागीय योजनाओं की जानकारी
जनपत की खबर Mar 12, 2026 at 05:58 PM , 108लखनऊ। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना कार्यालय तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में वार्ड संसाधन केन्द्र हजरतगंज, लखनऊ में ग्राम प्रधानों, स्थानीय प्राधिकारी-निकाय के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र, जोन-1 डॉ. पूनम मिश्रा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी, लखनऊ श्री विपिन कुमार रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र, जोन-3 श्री प्रमेन्द्र शुक्ला ने की। संगोष्ठी में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, स्कूलों में गुणवत्ता सुधार, नामांकन बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में लगभग 40 शिक्षक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय निकाय के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने कहा कि बेसिक शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, नामांकन बढ़ाना और ड्रॉप-आउट दर को कम करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों से निरंतर संवाद बनाए रखें और शिक्षा के प्रति समाज को जागरूक करें, ताकि हर बच्चा स्कूल से जुड़ सके और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। कार्यक्रम में उपस्थित सरोजनीनगर प्रथम वार्ड की पार्षद गीता देवी ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय और स्थानीय जनप्रतिनिधि विद्यालयों के विकास के लिए हमेशा सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि यदि समाज और शिक्षा विभाग मिलकर काम करें तो शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन संभव है।
पार्षद राम नरेश (सरोजनीनगर नगर द्वितीय) के प्रतिनिधि प्रीतम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब स्थानीय स्तर पर उनकी सही जानकारी और क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि प्रीतम सिंह ने कहा कि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर वातावरण और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उन्मुखीकरण कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों को शिक्षा विभाग की योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सुझाव भी लिए गए। अंत में सभी प्रतिभागियों ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।































Comments