मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म-6, 7 व 8 की दैनिक जानकारी अब ऑनलाइन उपलब्ध: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
राष्ट्रीय Jan 14, 2026 at 08:50 PM , 92लखनऊ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित प्रतिदिन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से जुड़ी सूचियां जनसामान्य की सुविधा के लिए नियमित रूप से ऑनलाइन प्रदर्शित की जा रही हैं। ये सूचियां संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर उपलब्ध हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता इन सूचियों को देखने के लिए सबसे पहले ceouttarpradesh.nic.in पर जाएं। इसके बाद वेबसाइट के “Voter Services” टैब पर क्लिक करें। यहां उपलब्ध 14 विकल्पों में से छठे विकल्प “Claims & Objections (Form-9, 10, 11, 11a, 11b)” का चयन करने पर प्रतिदिन प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की सूची देखी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर 06 जनवरी से 12 जनवरी 2026 की अवधि में प्राप्त कुल फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित सूचियां उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें फॉर्म-9 (फॉर्म-6 से संबंधित), फॉर्म-10 (फॉर्म-7 से संबंधित) तथा फॉर्म-11, 11a एवं 11b (फॉर्म-8 से संबंधित) सूचियां जनपदवार एवं विधानसभावार प्रदर्शित की गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस व्यवस्था से मतदाताओं को अपने दावों एवं आपत्तियों की स्थिति जानने में आसानी होगी तथा मतदाता सूची के पारदर्शी और समयबद्ध अद्यतन की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।






























Comments