फेफना जंक्शन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
अन्य खबरे Jan 14, 2026 at 08:47 PM , 85लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” की पहल पर फेफना जंक्शन पर दो महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने 06 सितंबर 2024 को केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र प्रेषित कर फेफना जंक्शन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का अनुरोध किया था। केंद्रीय रेल मंत्री ने इस पत्र पर सकारात्मक संज्ञान लेते हुए उक्त प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है।
स्वीकृत ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है—
15083/15084 छपरा–फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस
15231/15232 बरौनी–गोंदिया एक्सप्रेस
इन दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों के फेफना जंक्शन पर ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को आवागमन में उल्लेखनीय सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही इससे क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और स्थानीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाता रहेगा। फेफना जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव का यह निर्णय उसी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण है।



























Comments