राष्ट्रीय सहारा बंद होने के बाद मीडियाकर्मियों का आक्रोश: बकाया वेतन की मांग को लेकर लेबर विभाग पहुँचे कर्मचारी
राष्ट्रीय Jan 10, 2026 at 10:10 PM , 152लखनऊ। राष्ट्रीय सहारा अख़बार के बंद होने के बाद उससे जुड़े मीडियाकर्मियों का गुस्सा अब खुलकर सड़कों पर दिखाई देने लगा है। लंबे समय से बकाया वेतन और अन्य देयकों के भुगतान की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पीड़ित मीडियाकर्मी राजधानी लखनऊ में श्रम (लेबर) विभाग पहुँचे और वहां औपचारिक रूप से अपनी शिकायत दर्ज कराई।
मीडियाकर्मियों का कहना है कि अख़बार बंद होने से पहले ही उन्हें महीनों से वेतन नहीं दिया जा रहा था। संस्थान के बंद हो जाने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति और भी खराब हो गई है। कई कर्मचारियों के सामने रोज़गार और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित कर्मचारियों ने श्रम विभाग से मांग की है कि प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बकाया वेतन, पीएफ, ग्रेच्युटी और अन्य कानूनी देयकों का जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। लेबर विभाग के अधिकारियों ने शिकायतें दर्ज कर जांच का आश्वासन दिया है।
मीडियाकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। यह मामला एक बार फिर मीडिया संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा और अधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।































Comments