लखनऊ में जाम से निजात की कवायद तेज: ट्रैफिक सुधार को लेकर स्मार्ट सिटी सभागार में उच्चस्तरीय बैठक

अन्य खबरे , 131

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और रोज़ाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए शनिवार को एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह महत्वपूर्ण बैठक स्मार्ट सिटी सभागार में पुलिस कमिश्नर (सीपी) और मंडलायुक्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी (डीएम), ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (JCP), एलडीए सचिव, नगर आयुक्त के साथ ही लखनऊ मेट्रो के प्रबंध निदेशक, स्मार्ट सिटी के वरिष्ठ अधिकारी और ट्रैफिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
मंडलायुक्त ने बैठक में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कमर्शियल भवनों में पार्किंग मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। उन्होंने अंडरग्राउंड और मल्टीलेवल पार्किंग को प्राथमिकता देने, साथ ही अवैध रूप से सड़कों पर खड़ी गाड़ियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों ने ट्रैफिक प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, चौराहों के पुनर्विकास और स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम को और मजबूत करने जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा की। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि शहरवासियों को जाम से राहत दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे।
प्रशासन की इस पहल से आने वाले दिनों में लखनऊ की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top