लखनऊ में अपहरण की झूठी सूचना का खुलासा: 40 लाख ऑनलाइन गेमिंग में गंवाने के बाद रची साजिश

अन्य खबरे , 108

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपहरण की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। कृष्णा नगर थाना क्षेत्र से लापता बताए गए व्यक्ति को पुलिस ने जनपद बरेली से सकुशल बरामद कर लिया है। बरामद व्यक्ति की पहचान रजनीश के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग का कर्मचारी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रजनीश ने किसी अपहरण की घटना का शिकार होने का नाटक किया था। दरअसल, उसने ऑनलाइन गेमिंग में करीब 40 लाख रुपये गंवा दिए थे। लगातार बढ़ते कर्ज और लोन की किस्तें न चुका पाने के दबाव में आकर उसने खुद के अपहरण की झूठी सूचना दे दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गुमशुदगी की सूचना मिलते ही जांच शुरू की गई। तकनीकी सर्विलांस और लोकेशन ट्रेस करने के बाद रजनीश को बरेली से बरामद कर लिया गया। पूछताछ में उसने पूरे मामले की सच्चाई स्वीकार कर ली।
फिलहाल पुलिस मामले की विधिक जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि झूठी सूचना देकर पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग के खतरनाक परिणामों और आर्थिक नुकसान की गंभीरता को उजागर किया है।

Related Articles

Comments

Back to Top